प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि विकास के मामले में जनजातीय क्षेत्र किन्नौर के साथ बड़ा भेदभाव किया है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन बहाल करेगी।वे अपने चुनावी दौरे में किन्नौर जिला के सांगला और कुल्लू के आनी में कांग्रेस प्रत्यशियों के पक्ष में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रही थीं।उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी गलत नीतियों और निर्णयों की वजह से हुई है।उन्होंने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला,इसका सबसे बड़ा घोटाला है। कहा कि यह पेपर लीक नहीं हुआ,बल्कि इसे बेचा गया है।इस घोटाले में नेताओं ने करोड़ों रुपए कमाए हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही इस घोटाले की जांच करेगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों और सेब बागबानों की घोर उपेक्षा की है। सरकार से हर वर्ग परेशान है,उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज 70 हजार करोड़ का कर्ज चढ़ चुका है।डबल इंजन का दावा करने वाली भाजपा सरकार के दोनों इंजन अब पटरी से उतर रहे हैं। प्रदेश में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने जा रही है। प्रतिभा सिंह ने लोगों से कांग्रेस को भारी बहुमत देने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस अपने सभी चुनावी वादों को पूरा करेंगी।
