
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा हर विधानसभा सत्र में नियम 67 के तहत प्रस्ताव लेकर आती है,लेकिन आरोप लगाने से पहले विपक्ष को तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे”।मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में हिमाचल प्रदेश को ‘ऑन सेल’ कर दिया गया था।यदि तत्कालीन भाजपा सरकार का दृढ़ निश्चय होता तो आज हिमाचल प्रदेश आर्थिक रूप से समृद्ध राज्यों की श्रेणी में खड़ा होता।सुक्खू ने कहा कि जैसे ही सरकार ने सदन में श्वेत पत्र लाने की बात कही,उसके अगले ही दिन भाजपा को नियम 67 के तहत प्रस्ताव लाने की याद आ गई।उन्होंने कहा कि भाजपा को अपने कार्यकाल के दौरान लिए गए फैसलों का भी जवाब देना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने मैडीकल डिवाइस पार्क का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार ने इसके लिए जमीन मुफ्त में दे दी थी।उन्होंने सवाल किया कि जिस सरकार ने केंद्र सरकार को पैसा वापस किया हो,वह हिमाचल प्रदेश को कैसे बेच सकती है।मुख्यमंत्री ने पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कुछ मामलों पर भी गंभीर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं,जिनमें पुरुषों की बच्चेदानी और महिलाओं के टेस्टिकल्स से जुड़े ऑप्रेशन करवाए जाने की बात सामने आई है।इन मामलों से संबंधित साक्ष्य सरकार विधानसभा में रखेगी।सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही नई इंडस्ट्री पॉलिसी लेकर आएगी।यह नीति पूरी तरह हिमाचल प्रदेश के हितों को ध्यान में रखकर तैयार की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार प्रदेश के संसाधनों और हितों के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी और हिमाचल के हितों को बिकने नहीं दिया जाएगा।
