गोहर में बस अड्डे का निर्माण निश्चित,एम्स बिलासपुर व पीजीआई चंडीगढ़ के लिए शुरू होगी बस सेवा।

गोहर:उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नाचन विधानसभा क्षेत्र के गोहर में आयोजित सात दिवसीय जिला स्तरीय नलवाड़ मेला ख्योड़ के समापन समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने मेले के समापन अवसर पर आयोजित शोभा यात्रा में भी भाग लिया।गोहर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।उप मुख्यमंत्री ने मेले के समापन समारोह में आमंत्रित करने के लिए ग्राम पंचायत,मेला कमेटी तथा कांग्रेस नेताओं का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि मेले और मंदिर हमारी संस्कृति,सभ्यता और धरोहर का हिस्सा हैं।इनका संबंध किसी एक राजनीतिक दल से नहीं है और न ही ये किसी पार्टी विशेष की जागीर हैं।मेलों और मंदिरों से जुड़े आयोजनों को राजनीति से ऊपर रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उन्हें भी यहां आने से रोकने के प्रयास किए गए,लेकिन उनका स्पष्ट मत है कि मंदिरों और मेलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए।यहां की पावन धरा पर देवी-देवताओं का वास है और निमंत्रण मिलने के बाद यहां नहीं आना उचित नहीं होता।उन्होंने कहा कि हम मंदिरों में आस्था रखने वाले लोग हैं और जहां भी अवसर मिलता है,वहां जाकर देवी-देवताओं का आशीर्वाद लेते हैं।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर मेलों और मंदिरों में शामिल होना चाहिए।कभी मेले का संचालन कांग्रेस के पास रहेगा तो कभी दूसरे दलों के पास जा सकता है,लेकिन समाज और संस्कृति से जुड़े इन आयोजनों की गरिमा और महत्व का सभी को ध्यान रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि गोहर में जिस आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया गया,उसके लिए वह क्षेत्र की जनता और ग्राम पंचायत के आभारी हैं।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गोहर में बस अड्डे की आवश्यकता है। यदि बस अड्डे के लिए भूमि अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुई है तो उन्होंने अधिकारियों को भूमि का चयन शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि गोहर में बस अड्डे का निर्माण निश्चित तौर पर किया जाएगा।स्थानीय लोगों की मांग पर गोहर क्षेत्र से एम्स बिलासपुर और पीजीआई चंडीगढ़ के लिए बस सेवा भी शुरू की जाएगी।उन्होंने नाचन विधानसभा क्षेत्र में पानी के कनेक्शन,टैंकों तथा अन्य कार्यों से संबंधित बड़ी संख्या में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निपटारे के लिए जल शक्ति विभाग को एक करोड़ रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा की।

उन्होंने ग्राम पंचायत को विभिन्न विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।इसके अलावा वासा कॉलेज में रिक्त पदों को भरने के लिए भी आवश्यक प्रयास करने की बात कही।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।विकास कार्यों के साथ-साथ प्रदेश की संस्कृति,परंपराओं और धार्मिक आस्था से जुड़े आयोजनों को भी समान महत्व दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि मेलों और मंदिरों को राजनीति से ऊपर रखना सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति विकास निगम के अध्यक्ष लाल सिंह कौशल,प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान ने भी अपने विचार रखे।स्थानीय पंचायत प्रधान गायत्री देवी ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया।इस मौके पर उपाध्यक्ष जल प्रबंधन बोर्ड शशि शर्मा,अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी चंपा ठाकुर सहित गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
