शिमला ग्रामीण के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नीन में जोनल स्तरीय अंडर-19 गर्ल्स खेल प्रतियोगिता का शुभारम्भ।

जिला शिमला के मशोबरा विकास खंड के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नीन में जोनल स्तरीय अंडर-19 गर्ल्स खेल प्रतियोगिता का हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह की अध्यक्षता में भव्य आगाज़ किया गया जिसमें मशोबरा जोन के 15 विद्यालयों की छात्राओं द्वारा अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित की जाएगी।लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि एक विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास में खेल महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं और खेल से जहां विद्यार्थी का शारीरिक विकास होता है वहीं पढ़ाई के मद्देनजर मानसिक विकास में भी बढ़ोतरी दर्ज होती है।विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने शारीरिक विकास व खान-पान का खास ध्यान रखना चाहिए ताकि आज के इस बदलते परिवेश में उनके स्वास्थ्य व शिक्षा का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश की छात्राएं आयोजित होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रही हैं और लगभग हर खेल में हिमाचल की लड़कियों की प्रतिभागिता सुनिश्चित की जा रही है।उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने के लिए जमीनी स्तर पर कदम उठाए गए हैं और हिमाचल के युवा को खेल से जोड़कर एक स्वस्थ समाज व सशक्त राष्ट्र की ओर अग्रसर किया जा रहा है।

नीन पंचायत में विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा पूर्ण:लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत नीन शिमला ग्रामीण क्षेत्र में प्रवेश करने का पहला पड़ाव है और पंचायत के विकास कार्यों को गति देना हमेशा से उनकी प्राथमिकता रही है।क्षेत्र के लोगों को सड़क,एंबुलेंस रोड,पेयजल,स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर लोगों की छोटी-बड़ी समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त मांगों और समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं पर कार्य चल रहा है।नीन,पाहल और घैणी पंचायतों के क्षेत्र में सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी कई महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत किए गए हैं।उन्होंने बताया कि देवीधार से नया सेर और आगे ब्रिज तक सड़क निर्माण के लिए करीब 14.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है,जबकि नया सेर से आगे ब्रिज का निर्माण करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने स्वयं निर्माण कार्य का निरीक्षण किया है और प्रयास रहेगा कि यह कार्य मार्च-अप्रैल तक पूरा कर जनता को समर्पित किया जाए।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बेहतर इंटरकनेक्टिविटी के लिए यह एक महत्वपूर्ण परियोजना है।


उन्होंने बताया कि क्षेत्र के अन्य हिस्सों को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए भी करीब 11 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है और जल्द ही इसका कार्य शुरू किया जाएगा।इसी प्रकार नीन पंचायत की लिंक रोड सहित अन्य सड़कों पर भी कार्य प्रगति पर है।अयोग वाली लिंक रोड के लिए करीब 3.50 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्राप्त हो चुकी है और विभाग द्वारा इस पर कार्य करवाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि महिला मंडलों,स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय लोगों की सार्वजनिक मांगों को पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ में महिलाओं के लिए होंगे विशेष आयोजन:लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ को इस बार विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने वाला आयोजन बनाया जा रहा है।महिलाओं के लिए इतना बड़ा आयोजन क्षेत्र के इतिहास में पहली बार होने जा रहा है।उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ का आयोजन अलग-अलग चरणों में सुन्नी सहित क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा।इसमें कबड्डी, क्रिकेट,बैडमिंटन सहित अनेक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।महिलाओं के लिए विशेष रूप से रस्साकशी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं रखी गई हैं,ताकि अधिक से अधिक महिलाएं खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।उन्होंने महिलाओं से खेल महाकुंभ में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का आह्वान किया तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल,कबड्डी,खो-खो,बैडमिंटन, योगा,चैस व सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित की जा रही हैं।इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति भी प्रस्तुत की गई।सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा 31 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने को घोषणा की गई।इसके अलावा उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आवश्यक सामान नीन विद्यालय को शीघ्र उपलब्ध करवाया जाएगा।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोपाल शर्मा,एसडीएम राजेश वर्मा,ग्राम पंचायत नीन के उपप्रधान बलदेव वर्मा,ग्राम पंचायत घैणी की प्रधान प्रोमिला देवी,उच्चतर शिक्षा/स्कूल शिक्षा विभाग की उपनिदेशक निशा बलूनी तथा पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश अग्रवाल,प्रदीप वर्मा पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष,घनश्याम कुमार प्रधान नीन पंचायत,तहसीलदार सुन्नी सुनील चौहान व खंड विकास अधिकारी बसंतपुर नरेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *