
शमशर:पर्यावरण संरक्षण,जैव विविधता के संवर्धन और प्रकृति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हिमालयन हेल्थ,एनवायरनमेंट एंड सोशल वेलफेयर सोसायटी एवं हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के संयुक्त सौजन्य से शमशर क्षेत्र के साथ लगती वन भूमी में एक व्यापक पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान विभिन्न स्थानीय एवं पर्यावरण अनुकूल प्रजातियों के सैकड़ों पौधे रोपे गए,जिनमें 70 पौधे हिमालयन हेल्थ,एनवायरनमेंट एंड सोशल वेलफेयर सोसायटी तथा 50 पौधे हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति द्वारा लगाए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमरचंद चौहान,अध्यक्ष,हिमालयन हेल्थ,एनवायरनमेंट एंड सोशल वेलफेयर सोसायटी रहे।श्री चौहान शिक्षा विभाग से उप निदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।उन्होंने लंबे समय तक पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी के प्रधानाचार्य के रूप में भी अपनी सेवाएं प्रदान की हैं।अपने संबोधन में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पविंदर चौहान,सेवानिवृत्त शिक्षक,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी,श्यामानंद,सेवानिवृत्त प्रवक्ता(अंग्रेजी) पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी तथा पूर्ण भारद्वाज,सेवानिवृत्त प्रवक्ता,विशेष रूप से उपस्थित रहे।इस अवसर पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के राज्य प्रतिनिधि गुलपाल ठाकुर,समिति की सक्रिय सदस्य मीनाक्षी शर्मा,कविता ठाकुर तथा समिति के अन्य सक्रिय सदस्यों ने अभियान में भाग लिया।ग्राम पंचायत चवाई के शमशर वार्ड की वार्ड सदस्य पदमा देवी सहित अनेक स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों,वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीणों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

पौधरोपण अभियान में महिला मंडल शमशर तथा कांडा-खमारला क्षेत्र के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के फॉरेस्ट गार्ड भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।इस अभियान में कुल 80 लोगों ने भाग लिया,जो क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रतीक है।

अभियान के दौरान कैंथ,देवदार,रीठा,प्रकेन,दाड़ू एवं बान सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा,देखभाल एवं संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया तथा यह शपथ ली कि इन पौधों को वृक्ष बनने तक निरंतर संरक्षित एवं संवर्धित किया जाएगा।आयोजकों ने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं,बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने का सतत प्रयास है।भविष्य में भी इसी प्रकार के पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में हिमालयन हेल्थ,एनवायरनमेंट एंड सोशल वेलफेयर सोसायटी,हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति,महिला मंडल शमशर,कांडा-खमारला क्षेत्र के स्वयं सहायता समूहों,वन विभाग तथा स्थानीय ग्रामीणों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

