
ग्राम पंचायत,टुटू-मजठाई के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने टुटू स्थित पंचायतघर में विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया।कार्यभार संभालने से पूर्व निवर्तमान प्रधान,उत्तम सिंह कश्यप,पूर्व में रहे वार्ड सदस्यों तथा पंचायत के कुछ वरिष्ठ नागरिकों द्वारा नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया और उन्हें सम्मान पूर्वक उनकी कुर्सी पर बैठाया गया।इस दौरान नव-निर्वाचित प्रधान,लता देवी द्वारा पंचायत के पांचों वार्ड के नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद निवर्तमान प्रधान ने सभी नव-निर्वाचित पंचायत के प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए,पिछले कार्यकाल के दौरान लम्बित कार्यों तथा सरकार के साथ उठाए गए पंचायत के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों का विवरण प्रस्तुत किया।उन्होंने नव-निर्वाचित पंचायत के प्रतिनिधियों को एकजुट होकर कार्य करने और उन्हें अपनी तरफ से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।पंचायत सचिव,सुनीता शर्मा ने भी नए प्रधान,उप प्रधान और वार्ड सदस्यों को उनके दायत्व निष्पादन के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान करते हुए उनसे सकारात्मक सहयोग की अपील की।इस अवसर पर नवनिर्वाचित प्रधान,लता देवी,उप-प्रधान,ईश्वर चन्द ठाकुर,वार्ड सदस्य आशा,राजेंद्र ठाकुर,रजनी शांडिल, सुनीता कश्यप और निधि के अतिरिक्त पंचायत की विभिन्न वरिष्ठ नागरिक व महिलाएं उपस्थित रहीं।
