
हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित 10वें राज्यव्यापी मेगा मॉक एक्सरसाइज के तहत पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टूटू में एक विशेष आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।उच्च शिक्षा निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य छात्रों और स्टाफ को भूकंप,भूस्खलन और वनों की आग जैसी आपातकालीन स्थितियों के प्रति राहत व बचाओ कार्यों को लेकर जागरूक और तैयार करना था।

प्राइमरी और सेकेंडरी दोनों विंग्स ने दिखाई तत्परता:स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ.रशिमा राणा की अध्यक्षता और कुशल देखरेख में यह मॉक ड्रिल सुबह ठीक 10:30 बजे शुरू की गई।जैसे ही आपातकालीन सायरन बजा,स्कूल के प्राइमरी और सेकेंडरी दोनों विंग्स के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अत्यंत सूझबूझ और अनुशासित तरीके से निर्धारित सुरक्षित रास्तों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया।सरकारी आदेशों के सख्त अनुपालन के तहत,पूरे परिसर को खाली करने के तुरंत बाद सभी कक्षाओं के बच्चों का ‘हेड काउंट’ (छात्रों की गिनती) किया गया।यह पूरी प्रक्रिया निर्धारित 15 मिनट की समय सीमा के भीतर बेहद सुचारू रूप से संपन्न कर ली गई।इस दौरान किसी भी प्रकार के प्रदर्शन के बजाय वास्तविक आपातकालीन निकासी और री-असेंबली पर ध्यान केंद्रित किया गया।

प्रधानाचार्या डॉ.रशिमा राणा ने मॉक ड्रिल के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों के अनुशासन की सराहना की।उन्होंने कहा कि ऐसी मॉक ड्रिल से बच्चों में घबराहट के बिना सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है।इस पूरी अभ्यास प्रक्रिया की उचित फोटोग्राफी और दस्तावेजीकरण हुआ।इस अवसर पर स्कूल का समस्त शिक्षण व गैर-शिक्षण स्टाफ मौजूद रहा और सभी ने आपदा प्रबंधन की इस राज्यव्यापी मुहिम में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की।

