
जिला सिरमौर के कालाअंब पांवटा साहिब नेशनल हाईवे-7 पर शुक्रवार सुबह एक ट्रक में भीषण आग लग गई।यह हादसा नाहन के समीप दोसड़का में घटित हुआ।नाहन दमकल विभाग टीम की मुस्तैदी के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया,हालांकि इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 5:35 बजे अहमद खान नामक व्यक्ति ने विभाग को ट्रक में आग लगने की सूचना दी।दमकल केंद्र से घटनास्थल की दूरी करीब चार किलोमीटर थी।सूचना मिलते ही दमकल की टीम तुरंत फायरमैन रमेश चंद्र,गृह रक्षक अरुण शर्मा,चालक कंवर सिंह और अमित कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया।ट्रक नंबर JK 14E 1681 कालाअंब स्थित रुचिका पेपर मिल से कोयले की राख लेकर पांवटा साहिब की एक सीमेंट फैक्ट्री की ओर जा रहा था।प्राथमिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है।ट्रक ऊधमपुर जम्मू की श्रीराम कंपनी का बताया जा रहा है।इस अग्निकांड में ट्रक को तकरीबन तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है।ट्रक का लकड़ी का केबिन,एक टायर और इंजन की पूरी वायरिंग जलकर खाक हो गई।दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब 30 लाख रुपए की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया।इसमें ट्रक की बॉडी,मुख्य इंजन,ट्रक में लदा माल और मौके पर रखे एलपीजी सिलेंडर शामिल थे।राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।नाहन दमकल कर्मियों ने करीब 57 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
