
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव का एलान हो गया।राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त अनिल खाची ने शेड्यूल तय कर दिया।प्रदेश की 3754 पंचायतों में चुनाव होंगे।आनी और नग्गर की 2 पंचायतों का कार्यकाल 2027 में पूरा होने के कारण यहां अभी चुनाव नहीं होंगे।आदर्श चुनाव आचार संहिता तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है।पंचायत चुनाव में 50 लाख 79 हजार मतदाता मतदान करेंगे।पंचायत चुनाव तीन चरण में होंगे,29 अप्रैल को अधिसूचना होगी,7,8 व 11 मई को नामांकन प्रक्रिया होगी,12 मई को नामांकन जांच होगी। नाम वापस लेने का समय 14 व 15 मई काे रहेगा,26 मई को प्रथम चरण का मतदान,28 मई को द्वितीय और 30 मई को तृतीय चरण का मतदान होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (डीसी) को अपने-अपने जिलों में मतदान तिथियां निर्धारित करने के लिए अधिकृत किया गया है।प्रदेश में 3,754 पंचायतों में कुल 50 लाख 79 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।इनमें 25,67,770 पुरुष और 25,11,249 महिलाएं और 29 अन्य मतदाता शामिल हैं।खास बात यह है कि 52,349 युवा पहली बार मतदान करेंगे।चुनाव प्रक्रिया के लिए प्रदेशभर में 21,678 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।इनमें 4587 मीटर की ऊंचाई पर सबसे ऊंचा मतदान केंद्र लाहौल-स्पीति जिले के कौमिक स्कूल में बनाया जाएगा,जो भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में स्थित है।जिला परिषद,पंचायत समिति,प्रधान,उपप्रधान व पंचायत सदस्यों के लिए अलग-अलग रंग के मत पत्र हाेंगे।इन पदों के लिए कुल 60 लाख मतपत्र बनाए गए हैं।रंग अलग-अलग इसलिए तय किए गए हैं ताकि ताकि वोटरों में किसी प्रकार के भ्रम की स्थिति न बने।

अशिक्षित लोग पर्ची का रंग देखकर मत का प्रयोग कर सकेंगे,80 साल से अधिक आयु के बुजुर्ग मतदान केंद्रों में ही मतदान करेंगे।राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त अनिल खाची ने प्रेसवार्ता में पंचायत चुनाव का शेड्यूल जारी करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना 29 अप्रैल को जारी होगी।नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की तिथि 7, 8 और 11 मई को होगी,12 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी,14 और 15 मई तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे औ 15 को ही चुनाव चिह्नाें का आवंटन किया जाएगा।पंचायत प्रधान,उपप्रधान और सदस्यों के परिणाम मतदान के दिन उसी शाम को आएंगे जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति के मतों की गणना 31 मई को विकास खंड मुख्यालय में होगी।इसी दिन नतीजे आएंगे।उन्होंने कहा कि चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए आयोग ने सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे।प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।उधर,आचार संहिता लगते ही भर्तियां,नियुक्तियां,विकास कार्य और राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होंगे।मंत्री,विधायक अब सरकारी मशीनरियों का भी इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।

कुल्लू जिले की इन चार पंचायतों में नहीं होंगे चुनाव।
- कुल्लू जिले के नग्गर ब्लॉक की करजां,सोयल और आनी ब्लॉक की जाबन व नम्होल पंचायत में चुनाव नहीं होंगे।इन पंचायतों का कार्यकाल 9 फरवरी 2027 को पूरा होगा।हालांकि,इन पंचायतों में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए वोट डाले जाएंगे।
इन पदों पर होगा चुनाव
पद कुल संख्या
प्रधान 3754
उपप्रधान 3754
पंचायत सदस्य 21,654
पंचायत समिति सदस्य 1769
जिला परिषद सदस्य 251
कुल 31,182

