
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री भीमाकाली मंदिर सराहन में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।मंदिर पहुंचने पर मंदिर प्रशासन व स्थानीय लोगों द्वारा उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।उपमुख्यमंत्री ने मां भीमाकाली के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेशवासियों के लिए शांति,समृद्धि और विकास की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध देव संस्कृति और आस्था के केंद्र प्रदेश की पहचान हैं तथा सरकार इन धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।इसके बाद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सराहन में स्थित सशस्त्र सीमा बल (एस एस बी)के एटीसी प्रशिक्षण केंद्र का दौरा किया।इस अवसर पर कमांडेंट प्रवीण कुमार तथा डिप्टी कमांडेंट जगदीश ठाकुर ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

उपमुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण केंद्र में जवानों की गतिविधियों का अवलोकन करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में समर्पित हमारे वीर जवानों के अनुशासन,समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को देखकर गर्व की अनुभूति होती है।उन्होंने कहा कि लगभग 125 एकड़ क्षेत्र में फैले इस प्रशिक्षण केंद्र को पूर्ण क्षमता से संचालित करने का मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा,ताकि यह केंद्र और अधिक प्रभावी ढंग से देश सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।

इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी(नागरिक)रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह,अधिशाषी अभियंता जल शक्ति रणबीर नेगी,अधिशाषी अभियंता विद्युत कुकू शर्मा,अन्य विभागों के अधिकारी तथा पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
