युवा कांग्रेस मुख्यालय दिल्ली में चल रहे सत्याग्रह में हिमाचल के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह रविवार को शामिल हुए।इस दौरान उन्होंने युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत अन्य युवा नेताओं की गिरफ्तारी पर अपना विरोध दर्ज किया।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उदय भानु चिब से लंबी पूछताछ के बाद उनकी गिरफ्तारी यह दिखाती है कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज और युवाओं के शांतिपूर्ण प्रदर्शन से घबराई हुई है।उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र एजेंसियों का इस्तेमाल असहमति को दबाने के लिए कर रही है और युवा कांग्रेस नेताओं पर साजि़श रचने,अवैध जमावड़ा,सरकारी काम में बाधा डालने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि युवा कांग्रेस का विरोध केवल युवाओं की परेशानियों और नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक ढंग से अपनी बात रखने का प्रयास था।उन्होंने कहा कि दिल्ली की अदालत ने पुलिस रिमांड बढ़ाने की मांग को ठुकराते हुए यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को जमानत दी और साफ कर दिया कि पुलिस उनके खिलाफ हिरासत बढ़ाने के लिए पर्याप्त ठोस कारण पेश नहीं कर सकी,जो साफ संकेत देता है कि यह कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित प्रतीत होती है।विक्रमादित्य ने कहा कि युवा कांग्रेस सडक़ से संसद तक लोकतंत्र,अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए खड़ी रहेगी।इस मौके पर हिमाचल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष छतर सिंह और उपाध्यक्ष चंद्रमणी कुलेठी भी मौजूद रहे।इससे पहले शनिवार को कांग्रेस के अध्यक्ष विनय कुमार भी दिल्ली में चल रहे युवा कांग्रेस के सत्याग्रह में पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *