
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण व उसके आस पास सुविधाएं बढ़ाने के प्रति हिमाचल सरकार की उदासीनता कष्टदायी है।हमने केंद्र से चिंतपूर्णी माता मंदिर के लिए 50 करोड़ रुपए दिलाए थे।कई वर्ष बीत गए,मगर राज्य सरकार उसे खर्च नहीं कर पा रही है।अगर यह अवसर हमारे पास होता तो 50 करोड़ केंद्र का और राज्य की ओर से 200 करोड़ रुपए लगवाकर चिंतपूर्णी धाम को और भव्य बनवाते।कांग्रेस सरकार की नाकामी से हिमाचल विकास और विरासत दोनों में ही पीछे जा रहा है।इससे पहले नोएडा में शिव शक्ति सिद्ध श्री बाबा बालकनाथ वेलफेयर सोसाइटी (रजि.)के 17वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर डा.महेश शर्मा के साथ सम्मिलित हुए।

इस दौरान बाबा बालकनाथ जी से संबंधित स्मारिका व कैलेंडर का विमोचन भी किया किया।अनुराग ने कहा कि शिव शक्ति सिद्ध श्री बाबा बालकनाथ वेलफेयर सोसायटी ने नोएडा में इतना विशाल बाबा बालकनाथ जी का मंदिर बना कर हमारी संस्कृति को भी हिमाचल से बाहर स्थापित करने का काम किया है।अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में मंदिरों और तीर्थ स्थलों का अभूतपूर्व पुनर्विकास हुआ है।काशी विश्वनाथ कॉरिडोर,महाकाल लोक उज्जैन,मां कामाख्या मंदिर,राम मंदिर अयोध्या,केदारनाथ धाम और सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार से भारत की आध्यात्मिक आत्मा को एक नई ऊर्जा मिली है।

