
देश में चल रहे एआई समिट और आरडीजी बंद होने के विरोध में रविवार को हिमाचल युवा कांग्रेस ने राजधानी शिमला में विरोध प्रदर्शन किया।इस दौरान पीएम का पुतला जलाने की भी कोशिश की गई।प्रदर्शन के दौरान करीब पांच मिनट से भी अधिक समय तक पुलिस और युकां कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को छीनने के लिए खींचतान चलती रही,लेकिन काफी कोशिशों के बाद युवा कांग्रेस का पीएम का पुतला फूंकने का प्रयास पुलिस ने विफल कर दिया।

जानकारी के अनुसार रविवार को हिमाचल युवा कांग्रेस ने राजधानी शिमला में एआई समिट और राजस्व घाटा अनुदान बंद करने पर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन रखा था।तय रणनीति के तहत प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन से युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह की अगुवाई में युकां कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन आरंभ किया।इस दौरान युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश मामलों के प्रभारी शेष नारायण ओझा भी मुख्य रूप से शामिल रहे।केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए युकां कार्यकर्ता प्रदेश मुख्यालय से कुछ दूरी पर पहुंचे और उन्होंने यहां पर प्रधानमंत्री का पूतला निकाल कर उस पर पेट्रोल भी छिडक़ दिया।लेकिन मौके पर पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए कार्यकर्ताओं से पूतले को छीन लिया।इस दौरान करीब पांच मिनट से भी अधिक समय तक पुलिस और युकां कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान और धक्का-मुक्की का दौर चला।इस मौके पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश मामलों के प्रभारी शेष नारायण ओझा ने कहा कि युकां उन सभी के साथ खड़े है,जिन्होंने एआई समिट में जाकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया है
