
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भाजपा के संस्थापक सदस्य स्व अटल बिहारी वाजपेयी की 101 वीं जयंती के अवसर पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के साथ रिज मैदान स्थित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ रिपन अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किया।मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का ऋणी है।हिमाचल प्रदेश में उन्होंने सिर्फ अपना घर ही नहीं बनाया अपना घर भी समझा।इसका हमें हमेशा लाभ मिला।भौगोलिक दृष्टि से बेहद चुनौतीपूर्ण हिमाचल में सड़कों की कमी बहुत बड़ी समस्या थी।प्रदेश के लोगों के पीठ का बोझ उतारने का काम एक नेता के रूप में सबसे पुनीत कार्य है।देश की सबसे बड़ी ग्रामीण सड़क योजना का सपना अटल जी ने देखा जिसकी वजह से हम हिमाचल के लोगों के पीठ कि बोझ उतारने में कामयाब हो रहे हैं।

हिमाचल की आधा से ज़्यादा ग्रामीण सड़कें प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनी है।अटल जी के इंडस्ट्रियल पैकेज से ही बद्दी एशिया का फ़ार्मा हब बना।जिससे प्रदेश को न सिर्फ़ हज़ारों करोड़ का राजस्व मिलता है बल्कि प्रदेश को हज़ारों की संख्या में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार भी मिल रहा है।उन्होंने कहा कि देश में पिछले दस साल में 10 लाख किमी से ज़्यादा सड़कें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में बनी।हिमाचल में भी पिछले आठ सालों में दस हज़ार किमी से ज़्यादा सड़कें बनी हैं।अटल टनल उन्हीं का देखा सपना था,जिसे मोदी जी ने साकार किया।यह टनल हिमाचल के लिए हर तरीक़े से वरदान साबित हुई।प्रदेश की कनेटक्टिविटी हो या पर्यटन और सामरिक दृष्टि से अटल टनल ने हिमाचल की दशा और दिशा बदलने में बड़ा योगदान किया।आज भी हर साल प्रदेश में हजारों किलोमीटर सड़क उसी योजना के तहत बन रही है और हर साल सैकड़ों गांव मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।
