
पालमपुर:गोपालपुर में अटल स्मृति वर्ष के अंतर्गत आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता,पूर्व मंत्री,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं सुलह विधानसभा क्षेत्र के विधायक विपिन सिंह परमार ने भावनात्मक,ओजस्वी और आक्रामक अंदाज़ में केंद्र और राज्य की राजनीति,अटल जी की विरासत,देश की सुरक्षा,विकास की अवधारणा और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की विफलताओं पर विस्तृत रूप से अपनी बात रखी।उनका भाषण केवल एक राजनीतिक वक्तव्य नहीं,बल्कि कार्यकर्ताओं और आम जनता के लिए एक स्पष्ट संदेश और संकल्प था।सभा में पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर,विनय शर्मा,मंगला चौधरी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता,युवा,महिलाएं और आम नागरिक उपस्थित रहे।मंच से श्री परमार ने सबसे पहले श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को नमन करते हुए कहा कि अटल जी केवल एक प्रधानमंत्री नहीं थे,वे भारत की आत्मा की आवाज़ थे।उन्होंने हमें सिखाया कि राष्ट्र पहले होता है,राजनीति बाद में,विपिन सिंह परमार ने कहा कि 1998 में जब अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री बने,तब भारत को कमजोर समझा जाता था,लेकिन पोखरण में परमाणु परीक्षण कर अटल जी ने दुनिया को बता दिया कि भारत अब किसी के दबाव में नहीं झुकेगा।इसी कड़ी में उन्होंने कारगिल युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी समय हिमाचल की धरती ने देश को अपना वीर सपूत कैप्टन विक्रम बत्रा दिया,जिन्होंने पहली बार शहादत का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत किया।विक्रम बत्रा का ‘ये दिल मांगे मोर’आज भी हर देशभक्त के दिल में गूंजता है।अटल जी ने उस वीरता को न केवल सम्मान दिया,बल्कि देश का सिर गर्व से ऊंचा किया।परमवीर चक्र देकर उन्होंने यह साबित किया कि भारत अपने शहीदों को कभी नहीं भूलता।श्री परमार ने त्रिलोक कपूर की पीठ थपथपाते हुए कहा कि जिस तरीके से पालमपुर में संगठन का कार्य चला हुआ है,उससे पता चल रहा है कि अब पालमपुर में भाजपा की जीत को कोई नहीं रोक पाएगा।विपिन परमार ने पार्टी ज्वाइन करने वाले सभी नए कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वर्ण युग चला हुआ है और इस काल में अपने आप को पार्टी के साथ जोडऩे की भागीदारी ऐतिहासिक रहेगी।इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे इस बात की हमेशा खुशी होती है कि पालमपुर आज संगठन के हर कार्य में प्रथम स्थान पर आगे खड़ा रहता है और उसी का नतीजा है कि आज अटल जी की जन्म जयंती समारोह में इतनी भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने इस पंडाल को सुशोभित किया है।उन्होंने परमार जी का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि आज लगभग 62 लोगों में 50 कांग्रेस से दुखी होकर,उनकी झूठी ग्रंटियों को नकारते हुए भारतीय जनता पार्टी में अपना विश्वास जताया है और 12 लोग सेवानिवृत्ति के बाद इस पार्टी से जुड़े हैं।श्री कपूर ने भाजपा ज्वाइन करने वाले सभी कार्यकर्ताओं को विपिन परमार की अगवाई में पार्टी का पटका पहनकर स्वागत करते हुए कहा कि मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि पार्टी में आपका पूरी तरह से मान सम्मान होगा।
