पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश के 28 स्कूलों को डाउनग्रेड करने पर नाराजगी जताई है।जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री पूर्व सीएम स्व.वीरभद्र सिंह के सबक को बड़ी जल्दी भूल गए।महज 48 घंटे पहले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में स्व.वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण के दौरान उन्होंने कहा था कि वीरभद्र सिंह जी ने एक बच्चे के लिए भी स्कूल खोला था और अब सरकार की नोटिफिकेशन सामने आई है कि सरकार ने 28 स्कूलों को डाउनग्रेड कर दिया है।अब उन स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों का क्या होगा?क्या बच्चे 10 किलोमीटर पैदल चलकर पढऩे जाएंगे।जयराम ठाकुर ने कहा कि 11 दिसंबर,2022 को सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की कमान संभाली थी।तब से लेकर आज तक कुल 1038 दिन उन्होंने सरकार का कामकाज देखा है।इस दौरान उनके द्वारा 1448 स्कूल बंद किए गए हैं।इस लिहाज से देखा जाए तो हर दो दिन में तीन स्कूल बंद करने का नया रिकॉर्ड सरकार ने अपने नाम स्थापित किया है।इसी तरह इस सरकार द्वारा डेढ़ हजार से ज्यादा अन्य प्रकार के संस्थान भी बंद किए गए हैं,तो सरकार द्वारा हर दिन एक से ज्यादा संस्थान भी प्रदेशवासियों से छीने गए हैं।इस सरकार ने 15 हजार से ज्यादा नौकरियां छीन ली है।जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री द्वारा जो एचआरटीसी प्रबंधन पर सवाल उठाया गया है,वह अपने आप में कई सवाल खड़े करता है?क्या मुख्यमंत्री कहना चाहते हैं कि एचआरटीसी का प्रबंध सही हाथों में नहीं है? इस तरफ एक दूसरे पर सवाल उठाकर सरकार अपनी जवाबदेही से भाग नहीं सकती है।जयराम ठाकुर ने बुधवार को सराज विधानसभा क्षेत्र के बगस्याड़ में सराज भाजपा के तीनों मंडलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त व गतिशील बनाने के लिए आगामी कार्यक्रमों,जनसंपर्क अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने आने वाले समय में पार्टी के जनाधार को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *