
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि करुणामूलक आधार पर नौकरी पाने के लिए आय सीमा में छूट का मामला जल्द सुलझेगा।उन्होंने कहा कि सरकार ने करुणामूलक आधार पर नौकरी पाने के लिए कुल आय सीमा बढ़ाकर तीन लाख रुपए सालाना कर दी है,लेकिन प्रति व्यक्ति आय सीमा अभी भी 62500 रुपए है।ऐसे में सरकार इसपर विचार करेगी कि आखिर ऐसा क्यों है।इसमें सुधार करने की जरूरत होगी,तो सरकार करेगी।शून्यकाल के दौरान यह मामला उठाते हुए विधायक रघुबीर सिंह बाली ने कहा कि करुणामूलक आधार पर नौकरी पाने के लिए प्रति व्यक्ति आय सीमा संबंधी 22 अगस्त,2022 की अधिसूचना को सरकार ने अभी वापस नहीं लिया है जबकि कुल आय सीमा को बढ़ा दिया गया है।ऐसे में इस आधार पर नौकरी के आवेदकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने इस अधिसूचना को रद्द करने की मांग की।शून्यकाल के दौरान आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार ने अपने क्षेत्र में भारी बरसात से हुए नुकसान का मामला उठाया।उन्होंने कहा कि आनी विधानसभा क्षेत्र को कोई नहीं पूछ रहा है,जहां पर भी बड़ा नुकसान हुआ है।

इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरे प्रदेश में प्राकृतिक आपदा के कारण हुए नुकसान की भरपाई के लिए तत्पर है।विधायक प्रकाश राणा ने मंडी के जोगिंद्रनगर क्षेत्र के टैक्सी चालक अनिल कुमार के 29 अगस्त को मोहाली से लापता होने और अभी तक उसका कोई पता नहीं लग पाने का मामला उठाया।सीएम ने इसके जवाब में कहा कि अनिल कुमार की गुमशुदगी का मामला डीजीपी स्तर पर पंजाब के साथ उठाया गया है और मामले की जांच जारी है।उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश के सीमाई क्षेत्रों में हो रही अवैध माइनिंग के खिलाफ सरकार उच्च न्यायालय में जाएगी।सीमाओं को लेकर विवाद है,लिहाजा पंजाब के लोग यहां पर आकर अवैध रूप से माइनिंग कर रहे हैं।शून्यकाल में फतेहपुर के विधायक भवानी पठानिया द्वारा अवैध माइनिंग का मामला उठाया गया।
