शिमला। राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि 23 जून को प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की जयंती पर शिमला के रिज मैदान पर आयोजित उनकी प्रतिमा अनावरण के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चूंकि यह एक सरकारी कार्यक्रम है, लेकिन फाउंडेशन इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिये सहयोग करेगी।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सहित अन्य प्रदेशों से उनके समर्थकों को आमंत्रित किया जाएगा। इस समारोह में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेताओं को भी विशेष तौर पर आमंत्रित किया जाएगा। इस समारोह में प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों, विधायकों, पूर्व विधायकों सहित विपक्ष के नेताओं व वरिष्ठ अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन की शिमला में पहली आम सभा की अध्यक्षता करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने जन भावना का सम्मान करते हुए रिज मैदान पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित करने को मंजूरी दी। उन्होंने प्रदेश सरकार के वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित करने के निर्णय के लिये केंद्रीय आलाकमान, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मालिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राजीव शुक्ला व रजनी पाटिल का भी आभार व्यक्त किया। 

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन एक गैर राजनीतिक मंच है और इसमें सभी लोगों का स्वागत है। उन्होंने कहा कि राजनीति से ऊपर उठ कर अधिकतर राजनेता उनके कार्यों से प्रभावित थे और उन्हें आज भी अपना आदर्श व प्रेरणास्रोत मानते हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने प्रदेश व देश की राजनीति में एक अटूट छाप छोड़ी है, जिसे लोग आज भी याद करते हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह के नाम से गठित फाउंडेशन प्रदेश में सामाजिक दायित्वों का साथ साथ जन कल्याण और युवाओं के कल्याण को प्रमुखता देगा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह भले ही अब हमारे बीच नहीं है, लेकिन उनके आदर्श हमेशा हमारा मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे।

बैठक में 23 जून को शिमला के रिज मैदान पर होने वाले प्रतिमा अनावरण के इस समारोह की फाउंडेशन की ओर से की जाने वाली तैयारियों पर विचार-विमर्श भी किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया की 15 जून को फाउंडेशन की फिर से एक महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें विभिन्न कमेटियों का गठन के अतिरिक्त समारोह में अतिथि सत्कार व अन्य व्यवस्था के प्रारूप को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *