सोलन। भाजपा जिला सोलन ने सोमवार को‌ तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। इस तिरंगा यात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने विशेष रूप से हिस्सा लिया। सोलन के माल रोड से निकली इस तिरंगा यात्रा ने देशभक्ति की भावना को चरम पर पहुंचा दिया। भारत माता की जय और सेना के समर्थन में गूंजते नारों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने खुली जीप में सवार जगत प्रकाश नड्डा का भव्य स्वागत किया। नड्डा ने कार्यकर्ताओं से हाथ मिलाकर संवाद किया और सेना के शौर्य को सलाम करते हुए देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। इस आयोजन में सामाजिक संस्थाओं, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने इस मौके पर कहा कि आज सोलन के माल रोड पर देशभक्ति और जोश का सैलाब उमड़ पड़ा है। उन्होंने जेपी नड्डा का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की और देश की सेनाओं के अदम्य साहस को नमन किया।

डॉ. बिन्दल ने प्रदेश सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि मुख्यमंत्री विमल नेगी की मृत्यु की जांच में प्रदेश सरकार सहयोग नहीं कर रही है। उन्होंने पेन ड्राइव प्रकरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस की कार्रवाई और सीबीआई जांच में बाधाएं खड़ी की जा रही हैं, जिससे हिमाचल की जनता में सरकार के प्रति विश्वास की कमी आई है।

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, सांसद सुरेश कश्यप, डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, सुरेश चंदेल, जिला अध्यक्ष रतन पाल, मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता और विवेक शर्मा सहित अनेक गणमान्य नेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *