
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है।विपिन सिंह प्रमार ने बयान जारी करते हुए कहा कि प्रदेश में आतंक का माहौल पनप रहा है। कानून व्यवस्था पूरी तरीके से ध्वस्त हो चुकी है।सुक्खू सरकार कानून व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है।प्रदेश में गोली कांड,रेप,हत्याएं होना आम घटनाएं बनती जा रही हैं।लोग खौफजदा हैं और सरकार आराम फरमा रही है।उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामियों के कारण बिलासपुर में गोलीकांड जैसी घटना सामने आई हैं।यह पहली बार नहीं है जब बिलासपुर में इस तरीके से दिनदहाड़े गोलियां चलाई गई हों।इसके पहले भी इसी तरीके की घटना हुई जिसमें पुलिस द्वारा कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।यदि पुलिस द्वारा समय रहते सख्त कार्रवाई की गई होती तो गोलीबारी की यह घटनाएं सामने नहीं आती और प्रदेश में इस तरह की अपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगती।उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार सख्त से सख्त कार्रवाई करे जिससे प्रदेश में अपराधिक तत्वों पर लगाम लग सके।इस मामले की गंभीरता से जांच हो और इस प्रकरण में दोषी समस्त अपराधियों पर कानून के तहत कार्रवाई हो।इस घटना के पीछे के कारण और इसके साजिश की पूरी कहानी सामने आनी चाहिए।अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए,जिससे फिर कोई ऐसा दुस्साहस न कर सके।विपिन परमार ने कहा कि प्रदेश में पुलिस का काम सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखना है।सीआईडी का काम खुफिया जानकारी इकट्ठा करना है जिससे किसी प्रकार की आपराधिक साजिश,अनहोनी का पता चल सके और पुलिस उस पर समय रहते निवारक कार्रवाई करके उसे काबू कर सके।लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रदेश की खुफिया पुलिस को समोसे खोजने और समोसे खोजने की खबर लीक करने और खबर छापने वालों के पीछे लगा दिया है।इसके बाद खुफिया पुलिस को विपक्षी नेताओं के कार्यालयों और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ कांग्रेस के विधायकों पर नज़र रखने का काम मुख्यमंत्री ने दे रखा है। प्रदेश के लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।
