महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के बाद आयोजित हो रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में हिस्सा लेने के लिए प्रतिभा सिंह दिल्ली रवाना हो गई हैं,जबकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं।दिल्ली में आज सीडब्ल्यूसी यानी कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक का आयोजन होना है।सीडब्ल्यूसी में कांग्रेस भविष्य को लेकर एजेंडा तैयार कर सकती है।प्रदेश के दोनों सीनियर लीडर के दिल्ली में होने की वजह से संगठन के चुनाव और मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा होने की संभावना है।कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के आदेश के बाद यह लग रहा था कि हिमाचल में संगठन का गठन अब प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह की मर्जी से ही होगा,लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने प्रतिभा सिंह को फ्री हैंड देने की जगह सभी 12 जिलों और चार लोकसभा सीटों पर ऑब्जर्वर तैनात कर दिए।अब इन ऑब्जर्वर के माध्यम से ही ब्लॉक और जिलास्तर से राज्यस्तर तक पदाधिकारियों की सूची तैयार होगी और इस सूची को दिल्ली भेजा जाएगा और वहीं आखिरी फैसला होगा।फिलहाल सीब्ल्यूसी में हिस्सा लेने दिल्ली रवाना हुई प्रतिभा सिंह यहां कांग्रेस के बड़े नेताओं से भी मुलाकात करेंगी।इनमें सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हैं।इसके अलावा राहुल गांधी,राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े,महासचिव केसी वेणुगोपाल और हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला से भी प्रतिभा सिंह की मुलाकात होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *