
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि शक को दूर करने के लिए देश में एक बार बैलेट पेपर पर चुनाव करवाने चाहिए।उन्होंने कहा कि टैक्नोलॉजी के ज्ञाता भी यह कह चुके हैं कि सिस्टम को हैक किया जा सकता है।ऐसे में जनता की मांग पर यदि देश में बैलेट पेपर पर चुनाव करवाए जाते हैं,तो इससे सबका शक दूर हो जाएगा।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हार और जीत का सिलसिला चला रहता है,भाजपा भी दो सांसदों वाली पार्टी से सत्ता तक पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता में रहते हुए व्यक्तिगत एवं पार्टी हित में फैसलों को लिया।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता में रहते हुए जिस तरह से प्रदेश की संपदा को लुटाने का प्रयास किया,राज्य सरकार ऐसा नहीं होने देगी।हम न तो संपदा लुटने देंगे और न ही इसे किसी को लुटाने की अनुमति देंगे।प्रदेश की संपदा से अर्जित होने वाली राशि को आम जनता,किसान,महिला सम्मान एवं युवाओं को रोजगार देने पर खर्च किया जाएगा।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने कार्यकाल के दौरान अधूरे शिलान्यास व उद्घाटन करके गई।कांग्रेस सरकार ऐसे कार्यों के लिए बजट उपलब्ध करवाकर पूरा करने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार नए भवनों का शिलान्यास 30 फीसदी राशि जमा होने के बाद ही करेगी।
