
हिमाचल के निरमंड में दो जगह,कुल्लू के मलाणा,मंडी जिले के थलटूखोड़ और चंबा जिले में बादल फटे हैं।बादल फटने से भारी तबाही मची है।कई मकान,स्कूल और अस्पताल क्षतिग्रस्त हो गए हैं।चार स्थानों पर करीब 50 लोग अभी लापता हैं।चार शव बरामद हुए हैं,बादल फटने की घटना के बाद मंडी के पधर के सभी स्कूल और शिक्षण संस्थान आज बंद कर दिए गए हैं।कुल्लू में भी सभी शिक्षण संस्थान दो अगस्त के लिए बंद कर दिए गए हैं।

मंडी के थलटूखोड़ में आधी रात बादल फटने से तबाही मच गई।यहां मकान ढहने की सूचना है।सड़क कनेक्टिविटी भी ठप हो गई है।मौके के लिए एसडीआरएफ समेत अन्य टीमें रवाना हो गई हैं। जानकारी मिली है कि पधर उपमंडल के थलटूखोड़ में बादल फटने की घटना में आठ लोग लापता हैं,दो शव बरामद कर लिए गए हैं।एक घायल है।35 लोग सुरक्षित हैं।

मंडी जिला प्रशासन ने रेस्क्यू के लिए एयरफोर्स को अलर्ट किया है मदद की जरूरत होने पर सेवाएं ली जाएंगी।एनडीआरएफ को भी मदद का निवेदन किया गया है।डीसी अपूर्व देवगन और रेस्क्यू टीमें पैदल ही प्रभावित क्षेत्र के लिए जा रही हैं।

मौके पर मौजूद स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटे हैं।सड़कें और रास्ते टूटने के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कत आ रही है।इसके अलावा,शिमला-कुल्लू सीमा पर बादल फटने से तबाही मची है।कई मकान,स्कूल और अस्पताल क्षतिग्रस्त हो गए हैं।कई लोगों के लापता होने की खबर है।राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया है।

मौके के लिए एसडीआरएफ की टीम रवाना हो गई है।जानकारी के अनुसार,निरमंड ब्लॉक के झाकड़ी में समेज खड्ड में हाइड्रो प्रोजेक्ट के नजदीक गुरुवार सुबह बादल फटा है।इससे भारी नुकसान हुआ है।बताया जा रहा है कि यहां 36 लोग लापता हैं अभी तक दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।वहीं दो के शव बरामद हुए हैं।उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा राहत कार्य तुरंत आरंभ कर दिया है।लापता में शिमला जिले के लोगों की संख्या अधिक है।

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी मौके पर पहुंच चुके हैं उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एनडीएसआरएफ की टीम,पुलिस,रेस्क्यू दल घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है,एंबुलेंस सहित सभी आधारभूत सुविधाएं रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल की गई है।उधर कुल्लू जिले के मलाणा नाले में भारी बारिश के दौरान बादल फटने से मलाणा वन और मलाणा टू पावर प्रोजेक्ट को भारी क्षति पहुंची है।

भारी बारिश के बाद पार्वती नदी का भी जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बढ़ गया है। जिया,भुंतर सहित नदी तट पर लगते तमाम क्षेत्रों से लोगों को अपने घर खाली कर सुरक्षित जगह जाने की अपील की गई है।कुल्लू जिले के निरमंड इलाके के बागीपुल में 8-10 मकान बह गए हैं,जिसमें पटवार खाना,होटल, दुकानें भी शामिल हैं।बागीपुल में सात से दस लोगों के लापता होने की सूचना है।इसमें एक ही परिवार के सात लोग लापता बताए जा रहे हैं,निरमंड में कई पुल बह गए हैं,अधिकतर सड़कें बंद हैं।बागीपुल में बस स्टैंड का नामोनिशान मिट गया है,15 गाड़ियां पानी में बह गई हैं।सरकार और प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है
