
केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने गुरुवार को अपने हिमाचल प्रवास के तीसरे दिन हमीरपुर स्थित गांधी चौक पर एक जनसभा को संबोधित किया।उन्होंने कहा कि लोकसभा के साथ विधानसभा उपचुनाव की सभी सीटें भाजपा बड़े अंतर से जीतने जा रही है।आज मोदी के नेतृत्व में हिमाचल में चार की चार और देश में 400 पार की बयार चल रही है। इस दौरान उन्होंने आगामी लोकसभा चुनावों और विधानसभा उपचुनाव में सभी हिमाचलवासियों को एकजुट होकर भाजपा की डबल इंजन की सरकार के लिए वोट करने का आह्वान किया।अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज पूरा भारत लोकतंत्र के महापर्व को पूरे उत्साह से मना रहा है।वैसे तो देश में नेशनल क्रश बहुत होंगे,लेकिन नेशनल ट्रस्ट सिर्फ़ मोदी की गारंटी है।मोदी देश के ही नहीं बल्कि दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं।आज हिमाचल समेत पूरे देश में कांग्रेस और उसकी गारंटियां फेल हैं।राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार दोबारा नहीं बनी,क्योंकि वहां उन्होंने एक भी वादा पूरा नहीं किया।इसी प्रकार हिमाचल और कर्नाटक में झूठी गारंटियों के दम पर कांग्रेस सत्ता में आई,पर आज एक भी वादा पूरा करने में पूरी तरह से फेल हो चुकी है।अब जनता ने मन बना लिया है कि सरकार बनाएंगे,तो सिर्फ मोदी की।मोदी के नेतृत्व में हिमाचल में चार की चार और देश में 400 पार की बयार चल रही है और हिमाचल में विधानसभा उपचुनाव की सभी सीटें भाजपा बड़े अंतर से जीतने जा रही है।अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज देश में ऐसी सरकार है,जिसने पिछले 10 वर्षों में भारत को विश्व पटल पर एक अग्रणी राष्ट्र बना दिया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में डबल इंजन की सरकार थी,तब एक ओर जहां मोदी ने माताओं-बहनों को धुएं से आजादी देने के लिए उज्ज्वला योजना चलाई थी,वहीं जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री गृहिणी योजना चलाई थी।अगर प्रधानमंत्री मोदी ने आयुष्मान भारत योजना लाई,तो जयराम ठाकुर ने हिमकेयर योजना चलाई।अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2014 से 2024 तक मोदी ने कांग्रेस के 60 वर्षों के गड्ढे को भरने और देश को तेजी से विकास करने लायक बनाया है। अगले पांच वर्षों में टी-20 की भांति मोदी विकास के चौके और छक्के लगाने को तैयार हैं।इस मौके पर भाजपा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल,नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित भाजपा प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल,राजेंद्र राणा और आशीष शर्मा के साथ अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।
