
Himachal भाजपा के सचिव नरेंद्र अत्री ने आरोप लगाया कि हिमाचल में कानून व्यवस्था का पूरी तरह से जनाजा निकल गया है।आज आलम ऐसा हो गया है कि असामाजिक तत्व बेखौफ होकर दिनदिहाड़े आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।मुख्यमंत्री के गृहजिले के भोरंज इलाके में महिला से हुई बदसलूकी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आखिर सुक्खू सरकार में यह सब क्या चल रहा है।एक महिला को दिनदिहाड़े अमानवीय असंवेदनशील व्यवहार कर बेइज्जत किया जा रहा है।क्या देवभूमि में इस तरह से अब महिलाओं का सम्मान होगा।उन्होंने कहा कि भाजपा इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करती है और सरकार के अनुरोध करती है कि इस मामले में जो भी दोषी हैं,उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई अमल में लाई जाए।अन्यथा महिलाओं में हो रहे ऐसे अत्याचार के खिलाफ भाजपा सड़कों पर उतरने से भी गुरेज नहीं करेगी।भाजपा प्रदेश सचिव ने कहा कि कांग्रेस सरकार के अब तक के 9 माह के कार्यकाल में लॉ एंड आर्डर की जो स्थिति बनी है ऐसी प्रदेश में पहले कभी नहीं देखी।चंबा में युवक की निर्मम हत्या,बद्दी-बरोटीवाला में दिनदिहाड़े गोलियां चल रही हैं।ऊना हो,कांगड़ा हो,चंबा हो,सिरमौर या प्रदेश का कोई भी जिला हो,आपराधिक वारदातों से अछूता नहीं रहा है।
