राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग द्वारा आयोजित वार्षिक रेडक्रॉस मेला का शुभारम्भ किया।इस अवसर पर,राज्यपाल ने कहा कि रेडक्रॉस का अर्थ ही समाज सेवा है।यह एक ऐसी संस्था है जो केवल देने का भाव रखती है और देने के रूप में पीड़ित मानवता की सेवा करना है।

राज्यपाल ने कहा कि रेडक्रॉस की गतिविधियों को सशक्त करने के लिए हम सभी को आगे आना चाहिए और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से रेडक्रॉस कोष में उदारतापूर्ण अंशदान करने की अपील की ताकि जरूरतमंदों की अधिक सहायता की जा सकेगी।उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस पूरे विश्व में मानवता की सेवा व सहायता का प्रतीक है।दुनिया भर में इस संस्था ने मानवता के उच्च मूल्यों को कायम रखते हुए असंख्य दीन-दुखियों की सेवा की है।

उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस का चिन्ह मानव कल्याण की प्रेरणा देता है और यह गरीब व जरूरतमंद लोगों के लिए आशा की किरण है।उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस को अपने अभियान मेें नशामुक्ति,स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्रधानमंत्री टी.बी.मुक्त भारत अभियानों को भी और सशक्त तौर पर चलाया जाना चाहिए ताकि एक स्वस्थ व बेहतर समाज स्थापित किया जा सके।
इस अवसर पर, राज्य रेडक्रॉस के महासचिव राजेश शर्मा ने राज्यपाल तथा हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्षा जानकी शुक्ला का स्वागत किया।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पोर्टमार तथा खलीणी स्कूल के विद्यार्थियों ने इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
राज्यपाल ने वर्ष 2022 के लिए स्कूलों द्वारा रेडक्रॉस पेपर फ्लैग से उच्चतम धन संग्रह के लिए डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल न्यू शिमला को प्रथम,ऑकलैंड हाउस स्कूल शिमला को द्वितीय तथा राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया।इसके अतिरिक्त, राज्यपाल ने वर्ष 2022 के लिए रेडक्रॉस पेपर फ्लैग से उच्चतम धन संग्रह के लिए पुलिस महानिदेशक को प्रथम,लोग निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता का द्वितीय तथा प्रधान मुख्य अरण्यपाल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया।

राज्य रेडक्रॉस की मानद सदस्य डॉ.किमी सूद ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान,उप-महापौर उमा कौशल, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
इससे पूर्व,राज्यपाल ने ऐतिहासिक रिज मैदान में स्थापित प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया तथा विभिन्न स्टालों में जाकर गतिविधियों का अवलोकन किया।

The news click

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *