Himachal विधानसभा में शुक्रवार को दोपहर बाद कुछ समय के लिए सदन का माहौल गर्मा गया।दरअसल नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सदन में संकल्प पर हुई चर्चा के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी का मामला उठाना चाहा,लेकिन जैसे ही उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिया तो मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के साथ ही सत्तापक्ष के अन्य सदस्य अपनी सीटों पर खड़े होकर नेता प्रतिपक्ष द्वारा उठाए जा रहे मुद्दे का विरोध करने लगे।

ऐसे में दोनों तरफ से शोरगुल होने लगा।इस दौरान कांग्रेस और भाजपा के विधायकों ने एक-दूसरे के नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की।इस पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने व्यवस्था दी कि विपक्ष इस मुद्दे को सदन में नहीं उठा सकता और उनकी कोई भी बात रिकाॅर्ड में दर्ज नहीं होगी।उन्होंने इस दौरान स्थिति को शांत करने का भी प्रयास किया लेकिन दोनों ही पक्षों के विधायक लगातार नारेबाजी करते रहे।इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी।बाद में सदन की कार्यवाही पुन:आरंभ होने पर माहौल फिर से शांत हो गया।
