राजधानी शिमला के सदर थाना क्षेत्र के तहत एक कार की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई।हादसे का शिकार हुए हरी राम खांगटा (57) गांव असतानी रोहड़ू के रहने वाले थे।हरी राम उच्च न्यायालय में रीडर के पद पर तैनात थे।पुलिस ने कार चला रही सीमा शर्मा को हिरासत में लेने के बाद जमानत पर छोड़ दिया।सीमा शर्मा ग्रामीण विकास विभाग में उपनिदेशक पद पर तैनात हैं।इनके वाहन को भी जब्त कर लिया है।यूएस क्लब-शिल्ली चौक प्रतिबंधित मार्ग पर पर्यावरण,विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के पास यह हादसा हुआ।मंगलवार सुबह करीब 10:00 बजे ड्यूटी आते समय यूएस क्लब से शिल्ली चौक की तरफ से आ रहे एक वाहन ने हरीराम को टक्कर मार दी।हादसे में हरी राम दूसरी सड़क पर जा गिर गए।इसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी तथा इन्हें अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित करार दिया।शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया है।एएसपी सुनील नेगी ने बताया कि महिला को हिरासत में लेने के बाद जमानत पर छोड़ दिया है।हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।पुलिस हर पहलु की बारीकी से जांच कर रही है।वहीं प्रदेश उच्च न्यायालय स्टाफ कल्याण संघ ने मृतक के परिजनों काे फौरी राहत के तौर पर पचास हजार दिए हैं।
