अदाणी कंपनी के साथ चल रहा सीमेंट मालभाड़ा विवाद आखिरकार खत्म हो गया है।सोमवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की कंपनी प्रबंधन,दाड़लाघाट और बरमाणा के ट्रक मालिकों के साथ हुई वार्ता में मालभाड़े पर सहमति बन गई है।वार्ता के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अदाणी कंपनी सिंगल एक्सेल ट्रक का 10.30 रुपये और डबल एक्सेल का 9.30 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल मालभाड़ा देने के लिए राजी हो गई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी अदाणी समूह के सीईओ से बात हुई है और उन्होंने मालभाड़े पर सहमति जताई है।कहा कि मालभाड़े की वार्षिक बढ़ोतरी में पुराना फॉर्मूला लागू रहेगा।मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मंगलवार से दोनों सीमेंट प्लांट शुरू हो जाएंगे।उन्होंने ट्रक ऑपरेटरों, प्रशासन व अदाणी समूह को इस विवाद को सुलझाने के लिए बधाई दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रक ऑपरेटरों की बाकि मांगें उपायुक्त के स्तर पर हल की जाएंगी।
