नगरोटा बगवां के कांग्रेस विधायक रघुवीर सिंह बाली को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम का उपाध्यक्ष बनाया गया है।प्रधान सचिव पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन देवेश कुमार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।रघुवीर को कैबिनेट रैंक का दर्जा दिया गया है।पूर्व मंत्री दिवंगत जीएस बाली के बेटे रघुवीर मंत्री पद की दौड़ में भी शामिल बताए जा रहे थे,मगर उनकी नियुक्ति हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष पद पर करने के आदेश जारी किए गए। इसी तरह से कांगड़ा जिला को सरकार में एक और पद मिल गया है।कांगड़ा जिला से ओबीसी से संबंध रखने वाले चंद्र कुमार को मंत्री बनाए जाने के बाद माना जा रहा था कि कांगड़ा से किसी ब्राह्मण वर्ग के विधायक को कैबिनेट में स्थान मिल सकता है।अभी तक मंत्रिमंडल में अकेले उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ही ब्राह्मण हैं।ऐसे में सुधीर शर्मा और रघुवीर सिंह बाली दोनों के नाम मंत्री पद के लिए चर्चा में थे।बाली मंत्री पद की दौड़ से तो बाहर हो गए,पर उन्हें एक महत्वपूर्ण निगम में नियुक्ति देकर उन्हें संतुष्ट किया गया है।
इसके साथ ही सरकार ने हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के निदेशक मंडल का पुनर्गठन किया है।उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान को चेयरमैन और कांगड़ा के विशाल चंबियाल को उपाध्यक्ष लगाया गया है।इनके अलावा निदेशक मंडल में छह आईएएस अधिकारियों को निदेशक बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *