हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने शनिवार से ‘हर घर लक्ष्मी’ डोर टू डोर प्रचार अभियान शुरू किया है। दस विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं को घर-घर जाकर कांग्रेस की गारंटियां बताई गईं। देश में महंगाई और बेरोजगारी से बढ़ीं परेशानियों से भी अवगत करवाया गया।

अखिल भारतीय कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने बताया कि एक सप्ताह में सभी विधानसभा क्षेत्रों में यह अभियान शुरू होगा। इस दौरान कांग्रेस के जत्थे घर-घर जाकर महिलाओं से गारंटी फार्म भी भरवाएंगे। शनिवार को ज्वाली,देहरा,सुलह, धर्मशाला,हमीरपुर, नादौन,हरोली, झंडूता, घुमारवीं और सोलन विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक-एक जत्थे ने लोगों के घरों में जाकर दस्तक दी।

अलका लांबा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 49.27 फीसदी आबादी महिलाओं की है।ग्रामीण इलाकों में महिलाएं घरेलू कामकाज से लेकर पारिवारिक कारोबार में पुरुषों का बराबरी से सहयोग करती हैं। प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद में उनकी भागीदारी भी अच्छी है। आर्थिक आत्मनिर्भरता के मामले में वे पीछे छूट जा रही हैं।आधी आबादी के श्रम का कोई मूल्यांकन नहीं होता। ऐसे में कांग्रेस ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने का फैसला लिया है ताकि महिलाएं पारिवारिक जिम्मेदारियों को और सार्थक ढंग से निपटा सकें। कांग्रेस ने अपनी एक गारंटी में प्रदेश की महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये का वादा किया है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही महिलाओं के बैंक खाते में हर महीने यह राशि दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *