शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को फिजूलखर्ची करने वाले मुख्यमंत्री के नाम से जाना जाएगा।सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के नाम पर सरकारी खर्चा कर भाजपा की चुनावी रैलियां की जा रही हैं। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में पत्रकार वार्ता में विक्रमादित्य ने कहा कि सरकार ने वीरवार को ही 2500 करोड़ और ऋण लेने के लिए आवेदन किया है।सरकार ने प्रदेश पर कर्ज चढ़ाने के लिए बीती सभी सरकारों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सप्ताह में दो-दो बार कैबिनेट बैठक कर बिना बजट प्रावधान और आवश्यक मंजूरियां लिए बिना घोषणाएं की जा रही हैं। कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रमों में हिमाचल निर्माता और पहले मुख्यमंत्री डॉ.वाईएस परमार सहित पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल को याद भी नहीं किया जा रहा है।इन वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कांग्रेस विधायकों को इन कार्यक्रमों की जानकारी तक नहीं दी जा रही। मुख्यमंत्री प्रदेश को क्षेत्रों के नाम पर बांट रहे हैं। विधानसभा चुनावों में कांग्रेस जीत दर्ज कर अपने सभी वायदों को पूरा करेगी। कर्मचारियों को कांग्रेस की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में पुरानी पेंशन बहाली कर बड़ा तोहफा दिया जाएगा।
