करीब 2500 चिकित्सकीय परामर्श,100 से अधिक लोगों ने लिया अंगदान परामर्श,300 लोगों को मिला करियर मार्गदर्शन।

नौहराधार (सिरमौर)हिमालयन हेल्थ,एनवायरनमेंट एंड सोशल वेलफेयर सोसायटी हिम रक्षक के नेतृत्व में तथा हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के संयुक्त सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहराधार में आयोजित दूसरा मेगा मल्टीस्पेशियलिटी निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।शिविर में क्षेत्र की 18 पंचायतों सहित दूरदराज के गांवों से बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने पहुंचे।इस दौरान लगभग 1200 लोगों ने पंजीकरण करवाया,करीब 2500 चिकित्सकीय परामर्श दिए गए तथा लगभग 20 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला सिरमौर के मेडिकल ऑफिसर डॉ.राकेश प्रताप ने किया,जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ.सुनील कक्कड़ ने की।आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने मुख्य अतिथि,कार्यक्रम अध्यक्ष तथा उपस्थित चिकित्सकों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया।शिविर में विभिन्न विशेषज्ञताओं के चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उचित परामर्श दिया तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।शिविर में अंगदान जागरूकता एवं पंजीकरण को भी विशेष महत्व दिया गया।हिम रक्षक संस्था के माध्यम से शिमला से पहुंची अंगदान परामर्श टीम ने लोगों को अंगदान के महत्व और इसकी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।इस दौरान 100 से अधिक लोगों ने अंगदान संबंधी परामर्श प्राप्त किया,जबकि 11 लोगों ने अंगदान के लिए अपना पंजीकरण करवाया।

यह शिविर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।युवाओं को शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किया गया।इसमें लगभग 300 लोगों को आगे की पढ़ाई,कौशल विकास तथा रोजगार के उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी गई।इसके अतिरिक्त क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं आईटीआई से आए लगभग 70 से 80 विद्यार्थियों,जिनमें एनसीसी से जुड़े विद्यार्थी भी शामिल थे,को समाजसेवा,राष्ट्रहित,अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया गया।इस आयोजन को सफल बनाने में नौहराधार क्षेत्र के सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों,व्यापार मंडल,चूड़ेश्वर महादेव समिति तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

आयोजन में विभिन्न संस्थाओं और स्थानीय लोगों की सहभागिता ने इसे जनसहयोग का एक अच्छा उदाहरण बनाया।हिमालयन हेल्थ,एनवायरनमेंट एंड सोशल वेलफेयर सोसायटी हिम रक्षक के अध्यक्ष अमरचंद चौहान,सेवानिवृत्त उपनिदेशक शिक्षा विभाग ने सभी अतिथियों,कार्यक्रम अध्यक्ष,विशेषज्ञ चिकित्सकों,पैरामेडिकल स्टाफ,स्वयंसेवकों, अंगदान परामर्श टीम,स्थानीय निवासियों,चूड़ेश्वर महादेव समिति,व्यापार मंडल तथा सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि यह हिम रक्षक द्वारा आयोजित दूसरा मेगा मल्टीस्पेशियलिटी स्वास्थ्य शिविर है। इससे पूर्व संस्था द्वारा आनी क्षेत्र में भी मेगा मल्टीस्पेशियलिटी स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया था।श्री चौहान ने कहा कि हिम रक्षक का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना नहीं,बल्कि ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता,अंगदान,शिक्षा,रोजगार मार्गदर्शन,पर्यावरण संरक्षण और युवाओं में सामाजिक सेवा की भावना को बढ़ावा देना भी है।उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था समाज के सहयोग से जनकल्याण के ऐसे प्रयास जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *