
नाहन(सिरमौर):हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ.राजीव बिंदल के नेतृत्व में रविवार को नाहन में डॉ.वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं के विरोध में भाजपा ने प्रदर्शन किया।इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक से मेडिकल कॉलेज तक रोष रैली निकाली और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए डॉ.राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नाहन मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं करीब साढ़े तीन महीने से बंद हैं,जिसके चलते मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।डॉ.बिंदल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के नए भवन के निर्माण के लिए 260 करोड़ रुपये का प्रावधान होने के बावजूद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया है।

उन्होंने नर्सिंग कॉलेज और मातृ-शिशु अस्पताल के निर्माण में देरी पर भी सवाल उठाए।उन्होंने प्रदेश सरकार से अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं जल्द बहाल करने और लंबित निर्माण कार्यों को गति देने की मांग की।भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी आंदोलन तेज करेगी।
