
मनाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते पतलीकूहल मेला मैदान में रविवार को जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा किया गया।इस अवसर भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन के 25 साल बिना छुट्टी के पूरे किए हैं।उन्हीं के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा।उन्होंने हिमाचलवासियों को बधाई और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानीय निकाय के चुनावों में भाजपा को बड़ी जीत मिली है।इसी के साथ उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के चार साल कुव्यवस्था,कुप्रबंधन,कुनीति, कुशासन के लिए जाने जाएंगे।दूसरी तरफ एनडीए ने विकास और जनकल्याण के लिए जो वादा किया था,वह पूरा किया।

प्रधानमंत्री ने 12 सालों में वह किया,जो किसी ने कभी सोचा नहीं था।पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था सबसे तेजी से बढऩे वाली अर्थव्यवस्था बन गई है।उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनाना है,तो नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करना होगा।इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर,गोविंद ठाकुर,सुरेंद्र शौरी,लोकेंद्र कुमार,नरोत्तम ठाकुर,बिहारी लाल शर्मा,प्रियंता, अमित सूद,आखिलेश कपूर,दानवेंद्र सिंह,धनेश्वरी सहित भाजयुमो अध्यक्ष एवं जीते हुए प्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रदेश सरकार पर हमला:केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने वर्तमान प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह रामपुर तक रेल पहुंचाना चाहते थे,लेकिन सुक्खू बिलासपुर से बैरी तक भी रेल नहीं पहुंचा पा रहे हैं।पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुुर ने जहां तक जमीन का मुआवजा लोगों को दिया था,वहीं तक रेललाइन बन पाई है।सुक्खू सरकार न जमीन और न हिमाचल का शेयरिंग बकाया दे रही है।हैरानी की बात है कि एक भी पैसा जमीन मुआवजे का नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा कि जो पैसे केंद्र से दिए जाते हैं,उन्हें भी खर्चने में हिमाचल सरकार नाकाम हुई है।सुक्खू सरकार जनता को गुमराह करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।दिल्ली ने यह नहीं दिया वो नहीं दिया।दिल्ली ने हिमाचल को उनके हक से भी ज्यादा पैसा दिया है।
