
शिमला:विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर केमिस्ट एसोसिएशन,शिमला की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में ड्रग्स इंस्पेक्टर शिमला अर्बन नमन गुप्ता और ड्रग्स इंस्पेक्टर शिमला रूरल पुष्पेंद्र शर्मा को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया।कार्यक्रम के दौरान फार्मासिस्टों की जनस्वास्थ्य में महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।इस अवसर पर दवाओं के सुरक्षित,तर्कसंगत और जिम्मेदार उपयोग को सुनिश्चित करने तथा दवाओं के गलत इस्तेमाल को रोकने की आवश्यकता पर विशेष रूप से जोर दिया गया।

नमन गुप्ता ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और दवाओं के सही उपयोग को लेकर लोगों को जागरूक करने में उनकी अहम भूमिका है।उन्होंने विशेष रूप से दवाओं के दुरुपयोग और नशे की लत की रोकथाम में फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी को रेखांकित किया।उन्होंने NCORD के उद्देश्यों के अनुरूप जिम्मेदारीपूर्वक दवाओं का वितरण करने,संदिग्ध दवा उपयोग की पहचान करने,लोगों को उचित परामर्श देने तथा दवाओं के संभावित दुरुपयोग की समय पर सूचना देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में फार्मासिस्टों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।विशेष रूप से युवाओं को दवाओं के दुरुपयोग से बचाने और उन्हें सही मार्गदर्शन देने की आवश्यकता पर बल दिया गया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने दवाओं के जिम्मेदार उपयोग,नशे की रोकथाम और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

