
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी पीठ थपथपाने की बजाय प्रधानमंत्री,केंद्रीय गृह मंत्री समेत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों का आभार जताएं,क्योंकि उनकी सहमति और सकारात्मक सोच के बिना किशाऊ डैम परियोजना का यह कार्य संभव नहीं हो पाता।उन्होंने किशाऊ बांध परियोजना को लेकर समझौता ज्ञापन पर सभी संबंधित राज्यों द्वारा हस्ताक्षर किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत सभी संबंधित राज्यों की भाजपा सरकारों का आभार जताया है।उन्होंने कहा कि इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों द्वारा किए गए प्रयासों की महत्त्वपूर्ण भूमिका है।पूर्व की भाजपा सरकार के समय जब केंद्र सरकार ने इस परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में पहल की,तो दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार द्वारा अड़ंगे लगाए गए।दोनों सरकारें हमेशा ही अपना हिस्सा देने में किसी न किसी प्रकार पीछे हट जाती थीं,जिसके कारण यह परियोजना परवान नहीं चढ़ पा रही थी।जैसे ही दिल्ली और राजस्थान में सत्ता परिवर्तन हुआ और वहां भाजपा की सरकारें आईं,तो हिमाचल के हितों को संरक्षित करते हुए इस प्रोजेक्ट के पूरा होने का मार्ग प्रशस्त हुआ।नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों से अन्य राज्यों ने हिमाचल प्रदेश के हितों को ध्यान में रखते हुए इस प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन पर आगे बढऩे की सहमति दी।अब दिल्ली द्वारा 75 प्रतिशत खर्च वहन करने एवं राजस्थान द्वारा 25 प्रतिशत खर्च वहन करने पर सहमति जताई गई हैं।यदि दिल्ली और राजस्थान में पहले ही भाजपा की सरकार रही होती तो यह प्रोजेक्ट अब तक काफी आगे बढ़ गया होता।
