
133 इको टास्क फोर्स ने कुफरी में “पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्टता के 20 गौरवशाली वर्ष”थीम के साथ अपना 20वां स्थापना दिवस मनाया।इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल (डॉ.)धनी राम शांडिल ने मुख्यतिथि के रूप में शिरकत की।स्वास्थ्य मंत्री ने डाक विभाग द्वारा जारी विशेष आवरण का विमोचन किया।उन्होंने स्मृति ट्रॉफी का भी अनावरण किया।

धनी राम शांडिल ने कहा कि 133 इको टास्क फोर्स को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि इको टास्क फोर्स पर्यावरण संरक्षण में बेहतरीन कार्य कर रही है।प्राकृतिक संपदा और पर्यावरण का संरक्षण आने वाली पीढ़ी के लिए जरूरी है इसलिए हम सभी को मिलकर पर्यावरण के संरक्षण में योगदान देना होगा।इस दौरान ब्रिगेडियर राजेश शर्मा,कमांडर,टीए ग्रुप मुख्यालय पश्चिमी कमान ने यूनिट की दो दशकों की गौरवशाली यात्रा,प्रमुख उपलब्धियों एवं पर्यावरणीय योगदान को प्रदर्शित करने वाली “इतिहास की दीवार”का उद्घाटन किया।

यूनिट के संस्थापक कर्नल एन. के. कोटवाल (सेवानिवृत्त) एवं कर्नल नरशिमन द्वारा इस ऐतिहासिक अवसर पर स्मृति पौधरोपण किया गया,जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति यूनिट की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।समारोह के दौरान 133 इको टास्क फोर्स की 20 वर्षों की पर्यावरणीय सेवा एवं उपलब्धियों को स्मरण करते हुए भविष्य में भी हरित एवं सतत विकास के लिए प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया गया।

