अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 की चौथी सांस्कृतिक संध्या प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर के नाम रही।ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित इस संगीतमय संध्या में हजारों दर्शकों ने भाग लिया और गुरनाम भुल्लर के लोकप्रिय गीतों का भरपूर आनंद उठाया।कार्यक्रम के दौरान पूरा रिज मैदान दर्शकों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी से खचाखच भरा रहा।

गुरनाम भुल्लर ने मंच पर आते ही अपने चर्चित और सुपरहिट गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया।उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों के साथ-साथ पंजाबी लोक संस्कृति से जुड़े गीत भी प्रस्तुत किए,जिन पर युवा,महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक सभी झूमते नजर आए।उनकी दमदार आवाज और शानदार मंच प्रस्तुति ने दर्शकों को बांधे रखा।कार्यक्रम के दौरान गुरनाम भुल्लर ने शिमला की खूबसूरती और यहां के लोगों के प्रेम व उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश और विशेषकर शिमला आकर प्रस्तुति देना उनके लिए हमेशा विशेष अनुभव रहता है। सांस्कृतिक संध्या में उपस्थित युवाओं ने अपने मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाकर कलाकार का स्वागत किया और उनके गीतों पर जमकर नृत्य किया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा तथा तालियों और जयकारों से रिज मैदान गूंजता रहा।इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शुरुआत की और हिमाचली लोक संस्कृति की समृद्ध विरासत को मंच पर जीवंत किया।लोकनृत्य और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को हिमाचल की सांस्कृतिक विविधता से रूबरू कराया।अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देना तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को मनोरंजन के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति से परिचित करवाना है।

चौथी सांस्कृतिक संध्या में उमड़ी भारी भीड़ और दर्शकों के उत्साह ने एक बार फिर ग्रीष्मोत्सव की लोकप्रियता को प्रमाणित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *