हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र दो दिन बढ़ सकता है।विपक्ष ने रविवार को सर्वदलीय बैठक में इस बात का सुझाव विधानसभा अध्यक्ष को दिया है और इस सुझाव को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने बिजिनेस एडवाइजरी कमेटी में ले जाने की बात कही है।सत्ता पक्ष और विपक्ष इस सुझाव पर सहमत होते हैं,तो विधानसभा का बजट सत्र 31 मार्च तक खिसक सकता है।इसके अलावा विपक्ष ने होली के ठीक बाद शनिवार को अवकाश की बात कही है।दरअसल,14 मार्च को होली है और इस दिन विधानसभा सत्र नहीं होगा।इसके अगले दिन 15 मार्च शनिवार को सत्र रखा गया है,जबकि 16 मार्च को रविवार का अवकाश है।इसे लेकर विपक्ष ने मामला उठाया है। विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष के इस सुझाव पर भी गौर करने की बात कही है।विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने रविवार को सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया था और इस बैठक में दोनों दल कांग्रेस और भाजपा के नेता हिस्सा लेने पहुंचे थे।इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने कहा कि बैठक के दौरान सत्र के कैलेंडर पर चर्चा की गई और किस दिन,कौन सा कार्य प्रस्तावित है,इस पर अपनी-अपनी राय रखी गई।श्री पठानिया ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री,नेता प्रतिपक्ष,उपमुख्य सचेतक और भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक ने बैठक में बजट सत्र के कैलेंडर पर सिलसिलेवार चर्चा की और सत्र अविलंब चले,इसपर भी संवाद किया।बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने दोनों दलों के सदस्यों से सत्र संचालन में रचनात्मक सहयोग देने की अपील की है और सदन के समय का जनहित से जुड़े विषयों को उठाने,चर्चा करने और उस पर सही निर्णय पाने का आग्रह किया है।पठानिया ने कहा कि वह सभी सदस्यों को सार्थक चर्चा के लिए भरपूर समय देंगे। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सत्तापक्ष से जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रश्न पूछें और सरकार का भी यह दायित्व है कि वह प्रतिपक्ष के पूछे गए प्रश्नों सहित सूचनाओं का समयबद्ध और तथ्यपूर्ण जवाब दें। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में सिर्फ दो ही दल हैं।बैठक में संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान,पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर,उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया और भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक सुखराम चौधरी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *