
Himachal में राज्यसभा चुनाव के बाद उपजे सियासी विवाद को सुलझाने में कांग्रेस हाईकमान की तरफ से पर्यवेक्षक के रूप में भेजे गए कनार्टक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंदर सिंह हुड्डा काफी हद तक सफल रहे हैं।मुख्यमंत्री के शिमला स्थित सरकारी आवास ओकओवर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कनार्टक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि प्रदेश में भाजपा जो भी ऑप्रेशन चला ले,उसे सफलता मिलनी वाली नहीं है।उन्होंने कहा कि भाजपा का मिशन लोटस फेल हो चुका है और प्रदेश कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट हैं। उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस के 6 विधायकों की विधानसभा सदस्यता रद्द किए जाने पर वे कुछ नहीं कहना चाहते हैं।स्पीकर ने ये फैसला सुनाया है। सदन में कांग्रेस के पास पूरा बहुमत है।कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने सभी पार्टी विधायकों व नेताओं को स्पष्ट किया है कि संगठन में अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में सहन नहीं की जाएगी। इसके साथ ही सभी को ये भी स्पष्ट कर दिया गया है कि सरकार व संगठन से जुड़े किसी भी मसले पर सीधे कोई मीडिया में नहीं जाएगा।ऐसे में यदि कोई अनुशासनहीनता करता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी।हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार का बड़ा अफसोस है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ये सीट पक्की मानी जा रही थी लेकिन सभी जानते हैं किन कारणों से ऐसा नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों से बात कर जो भी छोटे-मोटे मतभेद थे,उन्हें दूर किया गया है।फैसला लिया गया है कि सभी मिलकर लोकसभा चुनाव में उतरेंगे और पार्टी की जीत सुनिश्चित करेंगे।
