
Himachal Pardesh में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के बाद अब कांग्रेस जनता के बीच अपना भरोसा खो चुकी है।ऐसे में कांग्रेस को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है।हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा का चुनाव हिमाचल के इतिहास की बहुत बड़ी घटना है जिसमें भाजपा की ओर से हर्ष महाजन चुनाव में निर्वाचित हुए हैं और उनका निर्वाचन हिमाचल प्रदेश में एक बहुत बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम है। यह बात वीरवार को शिमला में पत्रकार वार्ता करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ.राजीव बिंदल ने कही।राजीव बिंदल ने कहा कि बहुमत के बाद भी कांग्रेस राज्यसभा का चुनाव जीत नहीं पाई और उसके अपने असंतुष्ट लोगों ने पार्टी का साथ नहीं दिया।आने वाले दिनों में इनके ही लोग सरकार गिराने का काम करेंगे।उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा पर बेवजह आरोप लगाए जा रहे हैं,जबकि यह सब कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी लड़ाई का ही नतीजा है।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने 14 महीने में प्रदेश में जो कुछ खोया है वह अभूतपूर्व है इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ की सवा साल की सरकार इस तरह से जनमानस के हृदय से उतर जाए।राजीव बिंदल ने कहा कि झूठी गारंटी के साथ सत्ता में आई यह सरकार जनता के बीच अपना विश्वास खो चुकी है और जिस तरह का एक राजनीतिक घटनाक्रम प्रदेश में बना है ऐसे में हिमाचल प्रदेश की जनता पूरी तरह से त्रस्त है।उन्होंने कहा कि झूठे वायदे ज्यादा दिन नहीं चलते हैं।भाजपा काम और विकास करने वाली पार्टी है और सभी कार्यकर्ता अभी से लोकसभा चुनाव के लिए तैयारियों में जुट गए हैं।
