Shimla:वर्तमान सरकार के मुख्यमंत्री व मंत्रीगण के बयानो के उपर तीव्र प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के प्रमुख प्रवक्ता एवं विधायक रणधीर शर्मा,प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल,त्रिलोक कपूर और राकेश जम्वाल ने संयुक्त बयान में कहा कि 2022 के हिमाचल प्रदेश विधान सभा के चुनावों को गलत तरीके से प्रभावित करते हुए जीतने के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता को धोखा देकर सत्ता में आई सरकार आज अपनी कांग्रेस पार्टी द्वारा ही दी गई गारंटियों से भाग रही है।

The news click

भाजपा नेताओं ने कहा कि सत्ता में आने के लिए घर-2 जाकर पहली कैबिनेट में प्रदेश की 22 लाख बहनों को 1500 रू प्रतिमाह देने की गारंटी दी,उसके फॉर्म भरे,15 लाख बेरोजगारों को रोजगार देने की गारंटी दी और बेरोजगारों से कहा कि एक लाख रोजगार पहली कैबिनेट में दिए जाएंगे।आम जनता को कहा कि भाजपा सरकार ने 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी है,कांग्रेस की सरकार लाओ और पहली कैबिनेट में 300 यूनिट बिजली मुफ्त पाओ।इसी प्रकार सात और बड़ी-बड़ी गारंटियों पूरे प्रदेश की दीवारों पर लिख कर दी गई।आज भी वो दीवारों जनता को मुंह चिढ़ाती हुई दिखाई देती है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अब तो 10-15 कैबिनेट बैठकें हो चुकी है,सरकार को बने साथ माह का समय भी बीत गया है,वाहवाही लूटी जा रही है लेकिन मिला किसी को कुछ भी नहीं है।भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार गारंटियां पूरी करने में पूरी तरह विफल हुई है।मुख्यमंत्री ने आते ही शोर मचाना शुरू कर दिया कि खजाना खाली है,कर्ज बढ़ गया है और कर्ज के नाम पर तथा खजाने के नाम पर हाथ झाड़ने शुरू कर दिए।ऐसा लगा कि अब यह कर्ज लेना बंद कर देंगे लेकिन कांग्रेस की वर्तमान सुखविन्द्र सरकार ने पहली तिमाही में कर्जों का ढेर लगा दिया और पिछले कल सारे मंत्रियों ने चिल्लाना शुरू कर दिया कि कर्ज पर रोक लग रही है और इसका ठीकरा केन्द्र सरकार पर फोड़ने में जुट गए हैं।भाजपा नेताओं ने कहा कि बढ़े हुए कर्ज का रोना रोने वाली सरकार आज कर्ज लेने के लिए क्यों भाग रही है और केन्द्र सरकार के उपर दोषारोपण करना बंद करें।भाजपा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में बैठे हुए नेतागण 5-6 बार से विधान सभा के सदस्य हैं,क्या उन्हें हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति की जानकारी नहीं थी जो उन्होनें लाखों-करोड़ रू की गारंटियां केवल झूठ के आधार पर सत्ता प्राप्त करने के लिए दे दी।भाजपा नेताओं ने कहा कि गारंटियां पूरा करना सुखविन्द्र सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और अब जनता से यह कहना कि चरणबद्ध तरीके से गारंटियां पूरी की जाएगी,यह दोबारा प्रदेश की जनता के साथ धोखा है।भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए एक बार फिर जनता का ध्यान भटकाने के लिए केन्द्र की सरकार पर दोषारोपण किया जा रहा है जबकि प्रदेश में इस समय चल रही सभी योजनाएं केवल और केवल केन्द्र द्वारा प्रेषित एवं स्वीकृत राशियों पर चल रही है।भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं को सलाह देते हुए कहा कि अपनी नाकामियों का ठीकरा केन्द्र सरकार पर फोड़ना बंद करें और जनता से किए हुए वायदों को पूरा करने के लिए कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *