2027 में हिमाचल में भाजपा सरकार बनने का किया दावा, सुक्खू सरकार से चुनावी गारंटियों का मांगा हिसाब।

शिमला में रविवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’पदयात्रा के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन किया।इस दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पार्टी,राहुल गांधी और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर तीखे राजनीतिक हमले किए।

पुराने बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारा साहिब की पार्किंग से शुरू हुई पदयात्रा विक्ट्री टनल और विधानसभा मार्ग से होते हुए चौड़ा मैदान पहुंची। यहां आयोजित जनसभा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

2027 में भाजपा सरकार बनने का दावा:जनसभा को संबोधित करते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनेगी।उन्होंने कहा कि शिमला में उमड़ा जनसमर्थन प्रदेश में राजनीतिक बदलाव का संकेत है।

ईवीएम के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा:सरमा ने कांग्रेस द्वारा ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर उठाए जा रहे सवालों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस चुनाव प्रणाली के माध्यम से कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आई,उसी पर अब सवाल उठाना दोहरे मापदंड को दर्शाता है।कांग्रेस सरकार को पांच लाख रोजगार और महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी याद दिलाते हुए पूछा कि इन वादों को कितना पूरा किया गया है।

उन्होंने असम में रोजगार और महिला सहायता योजनाओं का भी उल्लेख किया।इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ.राजीव बिंदल,सांसद अनुराग ठाकुर,सुरेश कश्यप और राज्यसभा सांसद डॉ.सिकंदर कुमार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।सरमा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जुटने और प्रदेश सरकार की गारंटियों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया।

