इंडिया गठबंधन के जन मार्च और रामलीला मैदान में हुई महारैली में रविवार को सीएम सुक्खू और डिप्टी सीएम समेत पूरी सरकार शामिल हुई।वहीं पार्टी के विधायकों,निगम-बोर्ड के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के अलावा संगठन के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।वोट बचाओ-देश बचाओ रैली में हिमाचल से उमड़ी भीड़ को देखकर नेता भी गदगद हो उठे।लिहाजा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी इस आयोजन में हिमाचल से कार्यकर्ताओं की लक्ष्य से ज्यादा भीड़ उमड़ने का दावा किया है।

बहरहाल रविवार को इंडिया गठबंधन के जन मार्च और रैली के दौरान हिमाचल का नई दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन दिखा।जानकारी के अनुसार रविवार सुबह ही हिमाचल भवन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने शुरू हो गई थी।प्रदेश भर से कार्यकर्ताओं के हिमाचल भवन में पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू समेत कैबिनेट मंत्री,विधायक और कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में रामलीला मैदान की तरफ निकले।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा और केंद्रीय चुनाव आयोग के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।इस मौके पर कांग्रेस की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल,डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री,कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार व महासचिव संगठन विनोद जिंटा समेत कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह,रोहित ठाकुर,अनिरुद्ध सिंह, राजेश धर्माणी,व विधायक व पदाधिकारी भी मौजूद रहे।दिल्ली में हुई रैली में प्रदेश से दस से पंद्रह हजार कार्यकर्ताओं के शामिल करने का टारगेट था।बावजूद इसके इस आयोजन में लक्ष्य से भी ज्यादा कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे।एचआरटीसी व निजी बसों के अलावा कार्यकर्ता ट्रेन से भी राजधानी पहुंचे थे।वहीं प्रदेश के कई कार्यकर्ताओं चंडीगढ़ तक अपने निजी वाहनों में सफर करने के बाद वहां से टेक्सियों के जरिए हिमाचल भवन पहुंचे।

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे कार्यकर्ता पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए,वहीं पारंरिक वाद्य यंत्रों की धुनों से भी राजधानी गूंज उठी।बहरहाल रैली के संपन्न होने के बाद कार्यकर्ताओं ने हिमाचल की तरफ रूख कर लिया है।उधर,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन विनोद जिंटा ने अपने सोशल मीडिया पेज पर लिखा है कि रविवार को दिल्ली की सडक़ों पर इतिहास लिखा है।उन्होंने दावा किया है कि रामलीला मैदान में आयोजित रैली में प्रदेश से बीस हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और जनहित की लड़ाई में हिमाचल का हर कार्यकर्ता सबसे आगे खड़ा है।नई दिल्ली में रैली के लिए पहुंचे कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ाने के लिए डिप्टी सीएम मुकेश अग्रिहोत्री बस की छत पर चढ़ गए।इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।वहीं राहुल गांधी और कांग्रेस के पक्ष में भी जमकर नारे लगाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *