भगवान श्रीकृष्ण के बताए धर्म,सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने का किया आह्वान।

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन पर्व जन्माष्टमी पर हिमाचल प्रदेश तथा देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।राज्यपाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनकी शिक्षाएं सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा एवं मार्गदर्शन का शाश्वत स्रोत हैं।उन्होंने लोगों से भगवान श्रीकृष्ण द्वारा बताए गए धर्म,सत्य, सदाचार और कर्तव्य के मार्ग को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राज्यपाल ने शिमला के गंज बाजार स्थित राधा कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना की।उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से प्रदेश और देश की सुख-शांति,समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उनका जीवन और उनके कर्म हमें धर्म एवं सत्य की रक्षा करते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिए गए उपदेश आज भी मानव जीवन का मार्गदर्शन करते हैं और प्रत्येक युग में प्रासंगिक हैं।

राज्यपाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संदेश केवल आध्यात्मिक एवं धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है,बल्कि इसमें कर्तव्य,साहस,निःस्वार्थ कर्म और धर्म के प्रति प्रतिबद्धता का व्यापक संदेश निहित है।उनके उपदेश हमें कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ रहने तथा बिना फल की आसक्ति के अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का धर्म और सत्य के साथ खड़े रहने का संदेश आज भी समाज के लिए एक महत्वपूर्ण मार्गदर्शक सिद्धांत है।राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में सौहार्द,करुणा,आपसी सम्मान और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने में योगदान देने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी जैसे पर्व भारत की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को और सुदृढ़ करते हैं तथा हमें देश की महान सनातन परंपराओं और जीवन-मूल्यों से पुनः जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि जन्माष्टमी का यह पावन पर्व प्रत्येक परिवार में शांति,सुख,समृद्धि एवं आध्यात्मिक कल्याण लेकर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *