कैलाश डिस्ट्रिक्ट फेडरेशन के नवगठित संचालन मंडल की पहली बैठक आयोजित हुई।बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन के चेयरमैन बलदेव ठाकुर ने की।बैठक में निदेशक मंडल के सदस्य कर्म चंद,जयलाल डांटा,प्रेम सिंह,नरेश शर्मा,प्रेम डोगरा,त्रिलोक भलूनी और ललित कुमार शर्मा उपस्थित रहे।बैठक में फेडरेशन की आगामी कार्ययोजना,व्यवसाय विस्तार,रोजगार सृजन,पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसी खोलने तथा राशन की दुकानों से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।बैठक में निर्णय लिया गया कि शिमला जिला के विभिन्न क्षेत्रों में नए पेट्रोल पंप खोलने की संभावनाओं का सर्वे किया जाएगा।इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया है,जो शिमला ग्रामीण,ठियोग,रामपुर,रोहड़ू सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा कर संभावित स्थानों की पहचान करेगी।कमेटी को करीब एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।इसके बाद इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के साथ आगे की कार्रवाई की जाएगी।फेडरेशन द्वारा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से गैस एजेंसी लेने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।इसके लिए भी कमेटी को ऐसे क्षेत्रों का सर्वे करने की जिम्मेदारी दी गई है,जहां गैस की अधिक मांग और उपभोक्ताओं की पर्याप्त संख्या हो।सर्वे रिपोर्ट के आधार पर नई गैस एजेंसियां खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।बैठक में फेडरेशन की घाटे में चल रही राशन दुकानों को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया।चेयरमैन बलदेव ठाकुर ने संबंधित अधिकारियों को घाटे वाली दुकानों की समीक्षा कर उन्हें बंद करने के निर्देश दिए।वहीं,जिन क्षेत्रों में 400-500 या उससे अधिक उपभोक्ताओं की मांग होगी,वहां नई राशन दुकानें खोलने पर विचार किया जाएगा।नई दुकानों के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार देने पर भी विशेष जोर दिया गया।फेडरेशन का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था बनाना है,जिससे दुकानें कम से कम नो-प्रॉफिट-नो-लॉस के आधार पर संचालित हों और कर्मचारियों का वेतन,बिजली तथा अन्य खर्च पूरे किए जा सकें।चेयरमैन बलदेव ठाकुर ने कहा कि फेडरेशन मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओ को जन जन तक पंहुचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।बैठक में फेडरेशन में लंबे समय से खाली चल रहे पदों पर भी चर्चा हुई।विशेष रूप से लेखाधिकारी/अकाउंट्स अधिकारी के पद को जल्द भरने का निर्णय लिया गया।इसके लिए सरकार से अनुमति लेने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत नियुक्ति की जाएगी।इसके अलावा क्लर्क,ड्राइवर,चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एवं अन्य रिक्त पदों को भरने के लिए भी सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।फेडरेशन प्रबंधन सरकार की मंजूरी के बाद इन पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने की दिशा में कार्य करेगा।बैठक में फेडरेशन की आगामी गतिविधियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया गया।चेयरमैन बलदेव ठाकुर ने कहा कि फेडरेशन की नई गतिविधियों का उद्देश्य केवल व्यवसाय बढ़ाना नहीं,बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना और किसानों,बागवानों तथा आम उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी है।बैठक में फेडरेशन के सीएस स्टोर सहित किसानों,बागवानों और उपभोक्ताओं से जुड़ी नई गतिविधियों की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा इनके लिए सर्वे एवं आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।चेयरमैन बलदेव ठाकुर ने कहा कि नवगठित बोर्ड फेडरेशन को मजबूत बनाने,नई आय के स्रोत विकसित करने,रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा किसानों,बागवानों और आम उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *