कैबिनेट मंत्री से पंचायत भवन के जीर्णोद्धार का मिला आश्वासन।

ग्राम पंचायत धमून के प्रधान सुरेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें पंचायत घर की जर्जर स्थिति से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रधान राम दयाल,कृष्ण दास,संतोष ठाकुर,समाजसेवी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता जगदीश ठाकुर और लव ठाकुर शामिल रहे।प्रतिनिधियों ने मंत्री को बताया कि ग्राम पंचायत धमून का पंचायत भवन जर्जर अवस्था में है।भवन की छत से बरसात के दौरान लगातार पानी टपकता है,दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी हैं तथा भवन में पंचायत कार्य करना और आम लोगों का आना-जाना सुरक्षा की दृष्टि से जोखिमपूर्ण हो गया है।प्रतिनिधिमंडल ने पंचायत भवन के पुनर्निर्माण एवं शीघ्र मरम्मत के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

इस पर मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने आश्वासन दिया कि पंचायत भवन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पूर्ण होते ही विभाग द्वारा प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी तथा ग्राम पंचायत धमून के लिए नए अथवा उन्नत पंचायत भवन की दिशा में जल्द कदम उठाए जाएंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी अवगत कराया कि इससे पूर्व मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ग्राम पंचायत धमून के पंचायत भवन के निर्माण के लिए लगभग ₹1.40 करोड़ उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया था।अब पंचायत प्रतिनिधियों को उम्मीद है कि आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंचायत भवन के निर्माण एवं सुधार कार्य को शीघ्र मंजूरी मिल जाएगी।

प्रधान सुरेंद्र ठाकुर ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत भवन का शीघ्र निर्माण एवं सुधार ग्राम पंचायत के सुचारू प्रशासन तथा क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए अत्यंत आवश्यक है।समाजसेवी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता जगदीश ठाकुर ने कहा कि पंचायत भवन का शीघ्र जीर्णोद्धार क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग है।उन्होंने विश्वास जताया कि मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी होंगी और पंचायत भवन के निर्माण कार्य को गति मिलेगी,जिससे पंचायत के कार्यों के संचालन के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *