
शिमला नगर निगम के अंतर्गत आने वाले मज्याठ वार्ड की मासिक बैठक रविवार को पार्षद अनिता शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।बैठक में वार्ड में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के साथ साथ स्थानीय लोगों की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में लोगों ने स्ट्रीट लाइट,पार्किंग,सामुदायिक भवन,सीवरेज,सड़क और बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की मांग उठाई।इसके अलावा वार्ड में चोरी और अन्य घटनाओं से सुरक्षा के दृष्टिगत सी.सी.टी.वी कैमरे लगाने की मांग भी की,वहीं क्षेत्र में वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान नालागढ़ और न्यू टूटू मार्ग पर सड़क किनारे खड़े वाहनों पर पुलिस द्वारा नोटिस चस्पा किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में खासा रोष देखने को मिला।

गुस्साए लोगों ने कहा कि जब वार्ड में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था ही नहीं है,तो ऐसे हाल में वाहनों को आखिर कहां पार्क किया जाएं।इस पर पार्षद अनिता शर्मा ने भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे को मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री के समक्ष उठाया जाएगा तथा पार्किंग सुविधा के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।इसके लिए बिजली बोर्ड और लोक निर्माण विभाग के कार्यालय के नजदीक प्रस्तावित पार्किंग निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र मांगा गया है।

लोगों ने सीवरेज निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर भी नाराजगी जताई।इस पर पार्षद ने कहा कि संबंधित विभाग को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों की इस मुख्य और गंभीर समस्या का जल्द समाधान हो सके।बैठक में स्थानीय लोगों ने बिजली और पेयजल की बढ़ी हुई दरों के अनुरूप सेवाओं में सुधार लाने की मांग भी रखी।

पार्षद ने बताया कि क्षेत्र की विद्युत समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए नया ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा रहा हैं साथ ही नए बिजली के पोल कंडक्टर लगाए जा रहे हैं,जिससे बार-बार आने वाली बिजली संबंधी दिक्कतों का समाधान होगा।बैठक की अध्यक्षता करते हुए पार्षद ने बताया कि न्यू टूटू में लोक निर्माण विभाग उपमंडल कार्यालय के समीप सामुदायिक भवन निर्माण के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है।भवन बनने से क्षेत्र के लोगों को सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।

बैठक में जानकारी दी गई कि वार्ड में तीन रोगी वाहन(एम्बुलेंस)मार्ग का निर्माण किया जा रहा है।मज्याठ स्कूल तक लगभग 1.15 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है और इसका जल्द लोकार्पण किया जाएगा।इसके अलावा विजयनगर से शिवनगर तक रोगी वाहन सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है,जबकि रेलवे स्टेशन जतोग से वार्ड के लिए संपर्क मार्ग का कार्य प्रस्तावित है और इसका शिलान्यास शीघ्र किया जाएगा।इसके लिए भी सरकार ने 2 करोड़ मंजूर किये हैं।जिसके लिए स्थानीय लोग मुख्यमंत्री और शहरी विकास मंत्री के आभारी हैं।

बैठक के अंत में पार्षद अनिता शर्मा ने क्षेत्रवासियों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने,सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करने तथा बच्चों को खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की अपील की।उन्होंने युवाओं से विशेष आग्रह किया कि “चिट्टा जैसे जानलेवा नशे से दूर रहें,स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।कहा कि स्वस्थ और नशामुक्त समाज ही क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की पहचान है।उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही वार्ड का समग्र और संतुलित विकास संभव है।इसलिए वार्ड के चहुंमुखी विकास के लिए सभी एकजुट होकर कार्य करें।


