
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को अपने गृह क्षेत्र विजयपुर स्थित पोलिंग बूथ में परिवार सहित मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाई।मतदान के बाद उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने की अपील की।विजयपुर मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए नड्डा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जनता की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है।मतदान के बाद श्री नड्डा दिनभर विजयपुर स्थित अपने आवास पर रहे,जहां उन्होंने स्थानीय लोगों,पार्टी कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों से मुलाकात की।इस दौरान क्षेत्रीय राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई।उनके साथ विधायक रणधीर शर्मा,त्रिलोक जम्वाल और जेआर कटवाल तथा पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग के अलावा भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन भी मौजूद रहे।शाम के समय नड्डा सडक़ से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए।राजनीतिक सूत्रों के अनुसार बिलासपुर प्रवास के दौरान नड्डा और प्रदेश संगठन मंत्री और अन्य नेताओं के बीच प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई है।
